Breaking News
recent

VIDEO ग्राउंड जीरो से जन-मन: 'यह हमारी ही गलती और ढिलाई है कि हमें अब तक ट्रेन ही नसीब नहीं

सिरोही से अमरसिंह राव की रिपोर्ट ...

सिरोही. जनता का मानस टटोलने के लिए सोमवार को हमने सिरोही-शिवगंज विधानसभा का दौरा किया। हमें यहां गोयली चौराहे पर चाय की थड़ी पर कुछ युवा बैठे मिले। जमीनी हकीकत जानने के लिए मन को कुरेदा तो उनके जेहन में छिपा सच बाहर आते देर नहीं लगी। जैसा कि पूरण भाई बताते हैं कि हर कोई आता है वादे करता है और चुनाव जीतने के बाद भूल जाता है। कभी किसी ने ग्रामीणों के दर्द को जानने की कोशिश नहीं की। इस विधानसभा में हर दूसरे घर से कोई-न-कोई सदस्य रोजगार के लिए दिशावर (अन्य प्रदेशों में) जाता है। खासकर गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक में। इस राज्यों में पहुंचने के लिए सबसे पहली जरूरत रेल सेवा की होती है लेकिन विडम्बना देखिए सिरोही विधानसभा में एक भी रेलवे स्टेशन नहीं है जबकि इस विधानसभा से सिरोही और शिवगंज दो बड़े शहर जुड़े हुए हैं। यह पीड़ा जाहिर करते हुए पूरण सवाल उठाते हैं कि आखिर यहां अब तक ट्रेन क्यों नहीं पहुंची है? क्या यह हमारी गलती और ढिलाई है कि सिरोही जिला मुख्यालय होने के बावजूद रेल सेवा से नहीं जुड़ पाया है। इनकी बातों से सहमत होते हुए विक्रमसिंह और प्रशान्त सोनी कहते हैं कि दिल से जनता की सेवा करने की किसी को नहीं पड़ी है। यदि थोड़ी-बहुत भी चिंता होती तो कब का यहां रेलवे स्टेशन बन गया होता। आजादी के बाद यहां से कितने ही विधायक और सांसद बन कर गए। अधिकतर यही राग अलापते रहे कि सारी सुविधाएं मिलेंगी। ट्रेन भी आएगी। प्रवीण कहते हैं यह देवनगरी है और हमारे यहां के लोगों का दिल बहुत बड़ा है। हम जल्दी ही हर किसी बातों पर विश्वास कर लेते हैं पर बार-बार हमारे धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। पोसालिया के गोपालसिंह राव कहते हैं तभी तो चुनाव आते ही हाथ जोड़कर वोट मांगने आ जाते हैं फिर पांच साल तक जनता को मुंह तक नहीं दिखाते। रेलवे स्टेशन की इनको चिंता ही नहीं है। हम ही उनकी बातों में आकर धोखा खा जाते हैं। सही मायने में अच्छे लोग आगे आएंगे और दिल से काम करेंगे तभी सपने साकार हो पाएंगे।
शिवगंज से लगते चांदाणा के मोहनसिंह और सोहनङ्क्षसह बताते हैं कि चांदाना से गोशाला तक आधा किलोमीटर तक रोड बन जाती तो अच्छा रहता। कारण कि यहां बारिश में गोशाला रोड पर कीचड़ हो जाता है और उस कीचड़ में गायों या वाहन का चलना मुश्किल हो जाता है। जब किसी ने रोड नहीं बनाई तो हमने अपने स्तर पर कंकरीट डलवा कर कुछ हद तक रास्ता सही कर दिया। लेकिन थोडी-बहुत कंकरीट भी कितने दिन तक टिक पाएगी। आखिर रोड तो रोड ही होता है।

एक नजर
कुल मतदाता: 2,67,619
महिला मतदाता: 1,27,744
पुरुष मतदाता: 1,39,875

क्षेत्र की प्राथमिकताएं
जिला मुख्यालय रेल सेवा से जुड़े
जवाई बंाध का पानी सिरोही को मिले
रोजगार के अवसर उपलब्ध हों
छोटे किसानों को तारबंदी के लिए अनुदान मिले
इनडोर स्टेडियम बने
किसानों को पूरी बिजली मिले



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.