Breaking News
recent

श्रीगंगानगर जिले में अंतिम दिन 107 नामांकन

विधानसभा चुनाव 2018

श्रीगंगानगर. विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में अंतिम दिन 107 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को जमा करवाए। सर्वाधिक 24 नामांकन गंगानगर तथा सबसे कम 8 नामांकन पत्र अनूपगढ़ में जमा हुए। नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार को होगी। कोई भी उम्मीदवार 22 नवम्बर तक अपना नामांकन पत्र वापिस ले सकेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानाराम ने बताया कि नामांकन पत्र भरने के अंतिम दिन सादुलशहर में 12 उम्मीदवारों ने 13, गंगानगर में 24 ने 31, करणपुर में 23 जनों ने 26, सूरतगढ़ में 16 ने 19, रायसिंहनगर में 18 जनों ने 20 और अनूपगढ़ में 8 उम्मीदवारों ने 10 नामांकन पत्र दाखिल किए।

अनूपगढ़ विधानसभा
अनूपगढ़. अनूपगढ़ विधानसभा सीट से 8 प्रत्याशियों ने 10 फार्म भरे है। चुनाव अधिकारी मनमोहन मीणा ने बताया कि भाजपा से संतोष बावरी ने एक,कांग्रेस से कुलदीप इन्दौरा ने दो,माकपा से पवन दुग्गल ने भरे दो,बसपा से शंकर लाल ने एक,आप पार्टी से जगदीश ने एक, महाराणा क्रांति पार्टी से बनवारी ने एक,सर्वधर्म पार्टी से तेजा राम ने एक और कांग्रेस से बगावत कर शिमला नायक ने एक नामांकन फार्म भरा है।

सादुलशहर
सादुलशहर. सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल करने के अन्तिम दिन सोमवार को 10 नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम यशपाल आहुजा को सौंपे। कांगे्रस प्रत्याशी जगदीश चन्द्र जांगिड़, भाजपा प्रत्याशी गुरवीर सिंह बराड़, बसपा प्रत्याशी विनोद खीचड़, निर्दलीय प्रत्याशी ओम बिश्नोई, एआरजेपी प्रत्याशी बलवन्त निमीवाल, एसएडी से निरंजन सिंह, सीपीआइ से अवतार सिंह, आरपीआइ (ए) से कृष्ण गोस्वामी और आम आदमी पार्टी से अंकित भांभू ने अपने नामांकन पत्र सौंपे। भाजपा प्रत्याशी गुरवीर सिंह बराड़ ने दो नामांकन पत्र दाखिल करवाए।

रायसिंहनगर
रायसिंहनगर. कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर उपजे असंतोष के बीच विधायक ने सोनादेवी बावरी ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल किया वहीं पूर्व विधायक सोहन नायक ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम संदीप कुमार काकड़ ने बताया कि सोमवार को अंतिम दिन दस नामांकन प्राप्त हुए जिनमें कांग्रेस प्रत्याशी सोनादेवी ने दो, माकपा के श्योपत मेघवाल व उनकी पत्नी द्रोपती मेघवाल ने भी नामांकन दाखिल किए। शिरोमणि अकाली दल के सोनासिंह और बहुजन समाज पार्टी के कुम्भाराम पुत्र मनीराम ने नामांकन दाखिल किए। अंतिम दिन तक कुल बीस नामांकन प्राप्त हुए हैं।

व्यवस्था बनाने में छूटे पुलिस के पसीने
श्रीकरणपुर. कस्बे में सोमवार को भाजपा-कांग्रेस सहित कांग्रेस से बागी प्रत्याशी की सभा होने से पुरानी धानमंडी के तीन पिड़ों में लोगों की भीड़ उमड़ गई। सभाओं में शामिल होने के लिए केसरीसिंहपुर, पदमपुर व गजसिंहपुर सहित आसपास गांवों में हजारों लोग वाहनों पर पहुंचे।

एक तरफ नामांकन का आखिरी दिन होने व दूसरी तरफ तीन-तीन जनसभाएं होने से पुलिस को शांति व्यवस्था व यातायात व्यवस्था बनाने में पसीने छूट गए। रेलवे फाटक पर थानाधिकारी विजय मीणा खुद वाहनों को रोकते नजर आए। वहीं पदमपुर, गजसिंहपुर व श्रीगंगानगर मार्ग पर भी नाके लगाकर बसों, कारों व जीपों आदि को कस्बे से बाहर ही रोका गया।

इसके बावजूद कस्बे में शाम तक भीड़ थी। थानाधिकारी ने बताया कि वृत्त के सभी पांचो थानों की पुलिस के अलावा अद्धसैनिक बलों को भी यहां लगाया गया था।
पैसों से भीड़ जुटाने की शिकायत पर दौड़े उडऩदस्ते

नामांकन के अंतिम दिन रैलियों से शक्ति प्रदर्शन
श्रीगंगानगर. नामांकन के अंतिम दिन जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के मुख्यालयों पर प्रत्याशियों ने रैलियों के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया। गंगानगर में लगभग एक ही समय अलग-अलग स्थानों से रवाना हुई रैलियों ने शहर की यातायात व्यवस्था को कई घंटे तक छिन्न-भिन्न किए रखा। रैलियों में शामिल लोगों के घर लौटने पर दोपहर बाद यातायात व्यवस्था बहाल हुई।

सादुलशहर, करणपुर, रायसिंहनगर, अनूपगढ़ और सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र मुख्यालयों पर भी प्रमुख उम्मीदवारों ने नामांकन के साथ रैलियों के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया। गंगानगर में दो प्रत्याशियों की रैली में पैसों के बल पर भीड़ जुटाने की शिकायत पर उडऩदस्ते सक्रिय हुए। लेकिन प्रमाण के अभाव में उडऩदस्ते के कार्रवाई नहीं कर पाए।

कार्यकर्ताओं में झड़प
रायसिंहनगर. नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की आपसी फूट खुलकर सामने आ गई। टिकट को लेकर सामने आए असंतोष के बीच कांग्रेस से बागी होकर नामांकन दाखिल करने गए पूर्व विधायक सोहन नायक व कांगे्रस प्रत्याशी सोनादेवी बावरी के समर्थक आमने-सामने हो गए। हालांकि मौके पर पुलिस बल ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया इससे बड़ी घटना नहीं हुई।
चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की ली जानकारी

पर्यवेक्षक वर्मा ने किया नामांकन कक्ष का निरीक्षण
अनूपगढ़. निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए चुनाव आयोग ने अनूपगढ़ विधानसभा के लिए चंद्रप्रकाश वर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। विधानसभा आम चुनाव पर्यवेक्षक वर्मा के पर्यवेक्षण में सम्पन्न करवाए जाएंगे। पर्यवेक्षक वर्मा प्रतिदिन 10 से 11 बजे तक पंचायत समिति कार्यालय में जनसुनवाई भी करेंगे। पर्यवेक्षक चन्द्रप्रकाश वर्मा ने सोमवार को अनूपगढ़ पहुंचने के बाद चुनावों से सम्बंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर उन्होने नामांकन फार्म भरने वाले कक्ष का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान पर्यवेक्षक वर्मा ने सभी अधिकारियों कर्मचारियों को आदर्श आचार संहिता की पालना के निर्देश दिए। पुलिस उप अधीक्षक सोहन राम बिश्नोई ने बताया कि निष्पक्ष और निर्भीक मतदान के लिए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को पाबंद किया गया है। पुलिस तथा पैरामिलिट्री फोर्स ने पैदल मार्च भी निकाला है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.