करौली. विधानसभा चुनाव के तहत नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्ति के बाद चुनावी दंगल में शेष रहे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हुई है। अब जिले की करौली, सपोटरा और टोडाभीम विधानसभा सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति है,
वहीं हिण्डौन में कांग्रेस-भाजपा के बीच आमने-सामने की टक्कर होनी हैं। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर अब कुल 44 प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला होगा। इनमें सर्वाधिक प्रत्याशी करौली विधानसभा क्षेत्र से 15 हैं, जबकि सबसे कम प्रत्याशी हिण्डौनसिटी में 4 रहे हैं।
इससे पहले चुनावी समर में भाग्य अजमाने उतरे कुल 63 प्रत्याशियों में से 7 के नामांकन खारिज होने के बाद 56 प्रत्याशी मैदान में थे, जबकि गुरुवार को इनमें से 12 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापिस ले लिए। इस प्रकार अब चुनावी समर में 44 प्रत्याशी भाग्य आजमाएंगे।
करौली विधानसभा क्षेत्र से पांच प्रत्याशियों भारत वाहिनी के प्रेमसिंह मीना, इंडियन पीपूल्स ग्रीन पार्टी के भूरसिंह चौधरी, निर्दलीय हाकिम एवं निर्दलीय भगवान सिंह अपने नामांकन वापस लेकर पीछे हट गए। इस प्रकार अब यहां 15 प्रत्याशी चुनावी समर में डटे हैं।
इसी प्रकार हिण्डौन विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी अतरसिंह मेवला, भारत वाहिनी के कमलराम कोली के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी बाबूलाल, चांदनी कोली तथा रतनलाल कोली भी नाम वापस लेकर चुनाव मैदान छोड़ दिया। अब यहां चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। जिले की सपोटरा विधानसभा क्षेत्र में भी दो प्रत्याशी मैदान से हट गए।
यहां से भारत वाहिनी के प्रत्याशी रामरूप मीना तथा निर्दलीय रामसिंह मीना द्वारा नाम वापिस लेने से अब यहां 13 प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला होगा। टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी संदीप मीना ने नाम वापस लिया है।
तीन सीटों से भारत वाहिनी ने छोड़ा मैदान
जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में से तीन में भारत वाहिनी पार्टी के प्रत्याशियों ने मैदान छोड़ दिया है। अब एक मात्र टोडाभीम विधानसभा से ही इस पार्टी के उम्मीदवार मैदान में डटे हैं।
गुरुवार को नामांकन वापसी के दौरान सपोटरा से भारत वाहिनी से चुनावी समर में कूदे सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामरूप मीना चुनावी मैदान से हट गए। वहीं करौली से पार्टी के प्रत्याशी तथा हिण्डौनसिटी से पूर्व विधायक कमलराम कोली ने भी अपना नाम वापस ले लिया।
12 में से 5 पार्टी प्रत्याशी
जिले की चारों सीटों पर कुल 12 जनों ने चुनावी मैदान छोड़ा है। विशेष बात यह है कि इनमें 5 प्रत्याशी वे शामिल हैं, जिन्होंने अलग-अलग पार्टियों से नामांकन दाखिल कर ताल ठोकी थी। इनमें बसपा के एक, भारत वाहिनी के तीन तथा इंडियन पीपूल्स पार्टी के प्रत्याशी नाम वापस लेकर मैदान से बाहर हुए हैं। 7 निर्दलीयों ने भी चुनाव नहीं लडऩे का निर्णय किया है।
लगानी पड़ी दौड़
करौली विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी भगवान सिंह को नाम वापसी की खातिर दौड़ लगानी पड़ी। हुआ यूं कि नामांकन वापसी का समय 3 बजे तक निर्धारित था, जबकि प्रत्याशी भगवान सिंह चंद मिनट पहले ही कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। इस कारण गाड़ी से उतरते ही वो दौड़ लगाते हुए रिर्टनिंग अधिकारी कार्यालय पहुंचे।
वापसी की मनुहार
नाम वापसी के अन्तिम दिन एक दल के प्रत्याशी और कार्यकर्ता उन प्रत्याशियों से नाम वापस करने की जुगत में लगे रहे, जो उनका चुनावी समीकरण बिगाड़ सकते थे। पार्टी के कार्यकर्ता ऐसे प्रत्याशियों से मनुहार करते भी नजर आए।





No comments:
Post a Comment