ब्रिस्बेन : पहला टी-20 मैच टीम इंडिया हार गई, लेकिन अगर देखा जाए तो भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों और बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन किया। यहां तक कि भारत ने आस्ट्रेलिया के बनाए स्कोर से भी 11 रन ज्यादा बनाए, इसके बाद भी कोहली सेना को हार का सामना करना पड़ा।
बारिश बना विलेन
भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बांध रखा था। अचानक 13वें ओवर में क्रुणाल पांडया की लगातार तीन गेंद पर तीन छक्के लग गए और आस्ट्रेलिया का स्कोर काफी तेजी से भाग गया। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 16 ओवर तक 153 पर रोक रखा था कि अचानक बारिश आ गई। इसके बाद काफी देर तक खेल रुका रहा। जब मैच शुरू हुआ तो अंपायरों ने तीन ओवर घटा कर मैच को 17 ओवर का कर दिया। 17 ओवर में आस्ट्रेलिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। यह एक ऐसा स्कोर था, जिस लक्ष्य को पार पाने में भारत को कोई परेशानी नहीं हुई। लेकिन डकवर्थ लुइस मेथड लागू किए जाने के कारण संभाव्यता के आधार पर आस्ट्रेलिया की पारी में 16 और रन जोड़ कर भारत को जीत का लक्ष्य 174 रन दिया गया था और वह इस लक्ष्य से 5 रन पीछे रह गई तथा 4 रन से हार गई।
भारत ने टॉस जीत कर ली थी पहले गेंदबाजी
विराट कोहली ने मौसम को देखते हुए टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, क्योंकि उन्हें इस बात का अंदेशा था कि बारिश हो सकती है और यह देखा गया है कि बारिश के बाद बाद में बल्लेबाजी करने वाले को फायदा मिलता है। इसलिए विराट ने यह निर्णय लिया था। लेकिन बारिश देर से आई और जब आई, तब वहीं पर आस्ट्रेलियाई पारी समाप्त हो गई। इसके अलावा उसके ज्यादा विकेट नहीं गिरे थे। इसलिए डकवर्थ लुइस के हिसाब से यह संभावना बनी कि 20 ओवर का मैच होता तो वह अधिक स्कोर बना सकता था। इस हिसाब से 17 ओवर में आस्ट्रेलिया का स्कोर करीब-करीब 173 के आसपास होता। इसलिए भारत की टीम को जीत के लिए आस्ट्रेलिया के बनाए स्कोर से 15 अधिक रन का लक्ष्य दिया गया और भारतीय टीम इस लक्ष्य को पाने से 4 रनों से चूक गई। यानी वह आस्ट्रेलिया से 11 रन अधिक बनाने के बाद भी हार गई।





No comments:
Post a Comment