Breaking News
recent

आईसीसी टी-20 रैंकिंग : 20 टी-20 मैच भी नहीं खेले, इसके बावजूद कुलदीप पहुंचे तीसरे स्थान पर पहुंचे

दुबई : सोमवार को अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) ने नई टी-20 रैंकिंग जारी की। इस रैंकिंग में
आस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई तीन टी-20 मैचों की सीरीज में कुल चार विकेट लेने वाले भारतीय चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने लंबी छलांग लगाई। कमाल की बात यह है कि इस प्‍लेयर ने अभी तक 20 टी-20 मैच भी नहीं खेले हैं। इसके बावजूद उन्‍होंने नई टी-20 गेंदबाजी की वैश्विक रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। कुलदीप ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत कुल 20 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है। आस्‍ट्रेलिया सीरीज से पहले वह 23वें स्‍थान पर थे। अब उनके कुल 714 अंक हो गए हैं।

राशिद खान अब भी पहले स्‍थान पर मौजूद
बता दें कि रैंकिंग में शीर्ष पर मौजूद अब भी अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान पहले स्‍थान पर हैं। उनके 793 अंक हैं, जबकि दूसरे स्‍थान पर 752 अंकों के साथ पाकिस्तान के शादाब खान काबिज हैं। इस नई लिस्‍ट में आस्‍ट्रेलिया के स्पिनर एडम जाम्पा भी पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में तीन विकेट लेकर उन्‍होंने 17 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है। आस्ट्रेलिया के गेंदबाज बिली स्टानलेक और एंड्रयू टाई को नुकसान हुआ है। स्टानलेक गेंदबाजों की सूची में पांच स्थान फिसलते हुए 14वें और एंड्रयू आठ स्थान फिसलते हुए 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा भारत के लिए आस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टी-20 मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज क्रुणाल पांड्या शीर्ष-100 गेंदबाजों में स्थान बनाने में सफल हुए। 66 स्थान की छलांग लगाकर वह 98वें स्थान पर पहुंच गए हैं। क्रुणाल ने तीसरे मैच में 36 रन देकर चार विकेट हासिल किया था।

टॉप टेन में 2 भारतीय बल्‍लेबाज
नई रैंकिंग में टी-20 के बल्लेबाजों की सूची की बात करें तो इसमें भारत के शिखर धवन को काफी फायदा हुआ है। वह पांच स्थान ऊपर उठकर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सीरीज में 76 और 41 रनों की अहम पारियां खेली। हालांकि रोहित शर्मा और लोकेश राहुल को दो-दो स्थान का नुकसान हुआ है, इसके बावजूद दोनों टॉप 10 में बने हुए हैं। रोहित शर्मा चौथे से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं तो लोकेश राहुल सातवें से नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। आस्ट्रेलिया के कप्तान एरॉन फिंच एक स्थान खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गए हैं, जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने पांचवे पायदान पर कब्जा कर लिया है। वह पहले छठे स्थान पर थे। मैक्सवेल ने पिछले कुछ मैचों में 38, 46, 19 और 13 के स्कोर बनाए, जिसका उन्हें लाभ मिला।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.