नई दिल्ली। भारत कौशल विकास रिपोर्ट 2019 प्रकाशित हो गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा अपने युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने में तेजी से उभरकर सामने आया है। एक अधिकारी ने बताया कि युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए प्रशिक्षण देने के मामले में प्रदेश तीसरे नंबर पर है। हरियाणा को इस स्थान पर लाने में तकनीकी शिक्षा विभाग ने विभिन्न पॉलीटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेजों और टेक्निकल विश्वविद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई है। इन सरकारी संस्थानों के सहयोग के बल पर ही हरियाणा की रैंकिंग में काफी सुधार हुआ और प्रदेश कई राज्यों को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल करने में कामयाब रहा है। बता दें कि इस रिपोर्ट को 22 नवंबर को जारी किया गया था।
94 फीसदी युवाओं को मिले रोजगार
प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (तकनीकी शिक्षा) अनिल कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से विभाग ने प्रवेश, परीक्षा, प्लेसमेंट्स और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए कई पहलों की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि पिछले अकादमिक वर्ष में सरकारी पॉलीटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों के 94 फीसदी छात्रों को विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों और जानी मानी भारतीय कंपनियों में नौकरी मिली या फिर उन्हें उच्च शिक्षा कार्यक्रमों में शामिल किया गया। कुमार ने कहा कि प्रमुख कंपनियों जैसे मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, हीरो मोटोकॉर्प कॉर्प, पॉवरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, एनटीपीसी-एचपीजीसीएल, डेफोडिल्स ने विभाग के साथ विभिन्न सरकारी पॉलीटेक्निक कालेजों में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए समझौता किया है।





No comments:
Post a Comment