नई दिल्ली : 1983 की विश्व विजेता भारतीय टीम के कप्तान रहे कपिल देव भारतीय महिला टीम के टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में जगह बनाने से बहुत खुश हैं। इसके साथ ही सलाह देते हुए कहा कि हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया को आने वाले दो मैचों में एक चैंपियन का आत्मविश्वास लेकर उतरना होगा। यदि भारतीय महिला टीम ने एक इकाई के तौर पर खेलती रही तो वह निश्चित चैंपियन बन सकती है। इसके आगे उन्होंने यह भी कहा कि हमारी महिला टीम नहीं जीतती है, तब भी जिस तरह का उसने खेल दिखाया है, वह बेहद अहम है।
विराट प्रतिभाशाली व मेहनती तो धोनी का किया बचाव
विराट कोहली के बारे में जवाब देते हुए कपिल देव ने कहा कि विराट बेहद खास प्लेयर हैं। वह प्रतिभाशाली भी हैं और कड़ी मेहनत भी करते हैं, साथ में अनुशासित भी हैं। जब महेंद्र सिंह धोनी के बारे में उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि धोनी ने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन हमें यह बात याद रखनी चाहिए कि वह अब 20 साल के नहीं हैं और अब होंगे भी नहीं। इसलिए हम अगर उनसे उसी खेल की उम्मीद करते हैं तो वह होने वाला नहीं है। हां, उनके पास अनुभव है। यदि अनुभव से टीम इंडिया की मदद करते हैं तो यह अच्छी बात है। यदि उन्होंने खुद को चयन के लिए उपलब्ध रखा है और अच्छी क्रिकेट खेल सकते हैं, तो टीम के लिए एक एसेट की तरह है। उनके लिए फिटनेस अहम है और वह आशा करते हैं कि धोनी अधिक समय तक खेलते रहें।
टीम मैनेजमेंट पर साधी चुप्पी
जब कपिल देव से यह पूछा गया कि क्या कोच रवि शास्त्री टीम इंडिया क कप्तान कोहली के यस मैन हैं? तो उन्होंने कहा कि यदि कप्तान और टीम खुश हैं तो इस बारे में सवाल क्यों उठाना चाहिए? वह इस सवाल का जवाब नहीं देना चाहते, क्योंकि उन्हें नहीं पता कि अंदरखाने में क्या चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसी किसी बात का जवाब नहीं देना चाहते, जो उनसे संबंधित नहीं है।





No comments:
Post a Comment