Breaking News
recent

क्रिकेट सट्टे पर बड़ी कार्रवाई, दो करोड़ के हिसाब सहित 22 हजार नकद व 24 मोबाइल, लैपटाप व एलसीडी जब्त

चूरू/सालासर.

सट्टा कारोबार के लिए चूरू व सीकर का नाम देश-विदेश की लिस्ट में दर्ज है। यहां के सट्टा कारोबारियों के तार विदेशों से जुड़े हुए हैं। इसकी वजह है यहां प्रतिदिन करोड़ों रुपए सट्टे में जा रहे हैं। इस पर पुलिस प्रशासन कार्रवाई नहीं कर पा रहा। लेकिन गुरुवार को सालासर पुलिस ने एक होटल में छापा मारकर दो करोड़ के हिसाब-किताब का बड़ा सट्टा पकड़ा है। इस साल पुलिस की सट्टे के खिलाफ ये बड़ी कार्रवाई बताई जा
रही है।


सालासर थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि बुधवार रात न्यूजीलैण्ड व पाकिस्तान के क्रिकेट मैच पर एक होटल में सट्टा लगाए जाने की जानकारी मिली थी। यह जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी के निर्देशन पर उस होटल पर पुलिस ने छापा मारा। वहां पर सट्टा लगा रहे सीकर निवासी अशोक एवं फलडोली निवासी भवानी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास दो करोड़ 12 लाख रुपए का हिसाब बरामद किया गया है। इसके साथ ही 22 हजार दो सौ रुपए नकद, 24 मोबाइल, एक लैपटॉप, एक एलसीडी कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व एक रजिस्ट्रर बरामद किया गया है।


कई दिनों से ठहरे थे होटल में


गिरफ्तार दोनों आरोपी सीकर जिले के हैं। बताया जा रहा दोनों कई दिनों से सीकर-लक्ष्मणगढ़ बाइपास रोड स्थित शिवानंद होटल में ठहरे थे। दोनों आरोपी उक्त गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे लेकिन होटल मालिक ने इस बात को दबाकर रखा। ऐसे में होटल मालिक पर संदेह उठ रहा है। लेकिन पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी भवानी सिंह के बारे में बताया जा रहा है वह किसी मंदिर में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है। लेकिन थानाधिकारी का कहना है वह किसी पुजारी की दुकान पर काम करता था। मामले की जांच एएसआई हनुमानसिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच अभी नहीं हुई है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि उमसें और कौन लोग शामिल हैं।


जुआ खेलते 4 गिरफ्तार


तारानगर. पुलिस ने कस्बे में बुधवार रात जुआ खेलते ४ जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जुल्फीकार, विजय, बाबूलाल, ताज मोहम्मद कस्बे के वार्ड 25 में एक गली में ताशपति पर जुआ खेल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर उनसे 8180 रूपए व ताश जोड़ी जब्त कर ली।


चूरू शहर में चल रहे दो सौ से अधिक क्रिकेट सट्टे


चूरू. राजस्थान में चूरू सट्टे के लिए प्रसिद्ध है। नाम नहीं छापने की शर्त दो सटोरियों ने बताया कि चूरू शहर में दो सौ से अधिक स्थानों पर सट्टे चल रहे हैं। इसमें कई हाई प्रोफाइल लोग शामिल हैं। यहां तक कोतवाली व सदर थाने के आस-पास कई सट्टे चलते हैं लेकिन दोनों थाने की पुलिस को एक भी सट्टा नजर नहीं आ रहा है। जबकि जिले में जहां कम सट्टे होते हैं वहां पुलिस पिछले कई दिनों से लगातार कार्रवाई कर रही है। कई सटोरी पकड़े भी गए। लेकिन चूरू में पिछले कुछ महीनों से एक भी सट्टे की कार्रवाई नहीं हुई। शहर के लोगों को कहना है शहर की पुलिस को सट्टे का हर ठिकाना पता है लेकिन वे कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे यह तो वही बता सकते हैं। ज्ञातव्य हो कि सटोरियों के चंगुल में फंसकर कई युवा मौत को गले तक लगा चुके हैं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.