पाली. शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने बुधवार को एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दस जनों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के रुपए निकालने की प्रदेश भर में तीन दर्जन से अधिक वारदातें करना कबूला है। उनसे पूछताछ जारी है। यह वारदातें जयपुर, अजमेर, पाली, गुजरात, यूपी सहित कई जगहों पर की गई। पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश के अनुसार गत दिनों शहर सहित जिले में एटीएम बदलकर रुपए निकालने की वारदातें हुई। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योतिस्वरूप शर्मा के निर्देशन में औद्योगिक क्षेत्र थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह, व साइबर सैल की विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पाली, जालोर, सिरोही, अजमेर में अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के बाद गिरोह पकड़ा।
यह आरोपी गिरफ्तार
सोनू पुत्र जगदीश बावरिया राजपूत निवासी घाघोट जिला पलवल हरियाणा, भीमसिंह पुत्र नाथूराम निवासी महरमपुर राजपूत कोटपुतली जिला जयपुर, सुरेश राठौड़ पुत्र नाथूराम, रतनसिंह पुत्र रामस्वरूप बावरिया राजपूत निवासी पलवल हरियाणा, सुनिल पुत्र बीरसिंह निवासी भुर्जा गांव जिला पलवल हरियाणा, रेणु पत्नी भीमसिंह बावरिया राजपूत निवासी महरमपुर राजपूत कोटपुतली जिला जयपुर, बबीता पुत्री राधे बावरिया राजपूत निवासी घाघोट जिला पलवल हरियाणा, लक्ष्मी पुत्री सतवीर बावरिया राजपूत निवासी घाघोट जिला पलवल हरियाणा, अंजली उर्फ कविता पत्नी नन्दाराम बावरिया राजपूत निवासी भुर्जागांव पलवल हरियाणा व संतोष उर्फ शान्ति पत्नी रामस्वरूप बावरिया राजपूत निवासी घाघोट जिला पलवल हरियाणा को गिरफ्तार किया गया।
महिलाएं रहती साथ, ताकि हो भरोसा
गिरोह अलग-अलग गाडिय़ों से पलवल हरियाणा से रवाना होकर दिल्ली, जयपुर, अजमेर, पाली में वारदात करता। वह एटीएम पर वे एक साथ पांच छह बार कार्ड से ट्रांजेक्शन का प्रयास करते, इस दौरान एटीएम हैंग हो जाता, इस पर वहां मौजूद अन्य कोई व्यक्ति एटीएम कार्ड से रुपए निकालने आता तो उसे रुपए निकालने का कहते और उसका पिन नम्बर चुरा लेते।
जब एटीएम काम नहीं करता तो वे सहायता करने का कहते हुए उसका कार्ड बदल लेते और खुद का डमी खाली कार्ड उसे पकड़ा देते। बाद में दूसरे एटीएम से उसके कार्ड से रुपए निकाल लेते। यह गैंग आगे-पीछे चलती। शाम को एक साथ सभी होटल में ठहरते। महिलाएं साथ रखते, ताकि आम जन उन पर शक न करे।
प्रदेशभर में की वारदातें
गिरोह ने पाली के औद्योगिक क्षेत्र में दो, कोतवाली क्षेत्र में, रायपुर मारवाड़, बर व सोजत क्षेत्र में छह, जयपुर, अजमेर, टोंक, जालोर, सिरोही, भरतपुर, धौलपुर, सीकर, गुजरात, यूपी, हरियाणा, दिल्ली व पंजाब में अनेक वारदातें करना कबूला है। वारदात खोलने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।





No comments:
Post a Comment