हिण्डौनसिटी। बयाना रोड पर तहारपुर गांव के पास सोमवार रात करीब आठ बजे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार एक ही परिवार के तीन जनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची सूरौठ थाना पुलिस ने मृतकों के शव हिण्डौन के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए हैं। मृतक रिश्ते में चाचा-भतीजे हैं। जो कोटवास गांव में आयोजित सत्संग सुनने आ रहे थे।
थानाप्रभारी शरीफ अली ने बताया कि मृतक बयाना क्षेत्र के नंगला मावली गांव निवासी भगवानसहाय जाटव (40) पुत्र लसन्या, उसका चचेरा भाई रवि जाटव (18) पुत्र समयसिंह व भतीजा विक्रमसिंह जाटव (18) पुत्र मानसिंह है।
परिजनों के अनुसार, तीनों एक ही बाइक पर शाम करीब साढ़े सात बजे कोटवास के लिए रवाना हुए थे। गांव के अन्य लोग भी उनके पीछे से आ रहे थे। रास्ते में तहारपुर गांव की नर्सरी के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही तीनों की मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन भी चिकित्सालय पहुंच गए। एक ही परिवार में हुए दर्दनाक हादसे से चिकित्सालय में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे।
मृतक विक्रम के पिता मदनसिंह ने बताया कि विक्रम की शादी नौ माह पूर्व मंडावरा निवासी प्रियंका के साथ हुई थी। पति की मौत के बाद प्रियंका के अलावा परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि भगवानसिंह के परिवार में पत्नी के अलावा पांच पुत्री व एक पुत्र है।
वह हिण्डौन में चौपाटी के अलावा विभिन्न गावों में मजदूरी कर परिवार को पालता था। तीसरे मृतक रवि की कुछ दिन बाद सगाई का कार्यक्रम था। परिवार के लोग मांगलिक कार्यक्रम की तैयारी में जुटे थे, लेकिन अचानक आई दिल दहला देने वाली खबर से परिवार में मातम फैल गया।





No comments:
Post a Comment