Breaking News
recent

कहर बनकर आया कोहरा, 6 वाहन भिड़े, दो की मौत, छह घायल

चूरू.

बुधवार रात बदले मौसम के मिजाज ने गुरुवार सुबह दो परिवारों को बड़ा जख्म दे गया। गुरुवार सुबह छाए घने कोहरे के कारण जिले के तीन स्थानों पर वाहनों की भिड़ंत हो गई। इसमें दो की मौत हो गई व छह घायल हो गए। सरदाशहर में स्कूली वैन व ट्रक में हुई भिड़ंत में एक की मौत व तीन घायल, रतनगढ़ में कार व ट्रक की भिडं़त में पति की मौत व पत्नी घायल हो गए। इसी प्रकार सादुलपुर में वाहनों की भिड़ंत में दो घायल हो गए।


वहीं जिले में घना कोहरे छाने से सर्दी का असर भी अचानक बढ़ गया। सुबह का तापमान ४.२ डिग्री लुढ़क गया। इसी प्रकार दिन का पारा भी ४.३ डिग्री लुढ़क गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान २६.२ व न्यूनतम १३.६ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केन्द्र के प्रभारी जिलेसिंह ने बताया कि बरसात होने व रात को चली सर्द हवा के कारण जिलेभर में कोहरे का असर रहा। वहीं कश्मीर में फिर से बर्फबारी हुई है। इस दौरान उत्तरी हवा भी चल रही है इसके कारण जिले में फिर से सर्दी का असर बढ़ेगा। कुछ दिन तक सर्दी का असर रहेगा।


घायल बच्चों को दी छुट्टी


सरदारशहर. आसलसर कुंडिया के पास मेगा हाइवे पर गुरुवार सुबह कोहरे के कारण स्कूल वैन व ट्रक की भिड़ंत वैन चालक की मौत हो गई और तीन बच्चे घायल हो गए। यहां से गुजर रहे शिक्षक दुनीचन्द जोशी ने पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चों को कस्बे के राजकीय अस्पताल पहुंचाया तथा मृतक को मोर्चरी में रखवाया। सूत्रों के अनुसार बेसिक पब्लिक स्कूल गांधी विद्या मंदिर की एक वैन मांगासर गांव के बच्चों को लेकर सरदारशहर आ रही थी। आसलसर कुंडिया के पास घने कोहरे के चलते सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। जिसमें चालक ओमप्रकाश शर्मा (55) की मौत हो गई। अन्य सवार बेसिक पब्लिक स्कूल की छात्रा एवं मांगासर निवासी मनीषा जाट 13, प्रियंका नायक 14, भानूप्रतापसिंह छह घायल हो गए। घायल बच्चों का राजकीय अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौप दिया। मृतक ओमप्रकाश के दो बेटी व दो बेटे है। चारों बच्चे शादीशुदा है। तीन भाइयों में ओमप्रकाश सबसे बड़ा था। सूचना मिलते ही उपखण्ड अधिकारी मूलचन्द लूणिया, डीएसपी भंवरलाल मेघवाल, आईएएसई मानित विश्वविद्यालय, गांधी विद्या मंदिर के कुलपति डा.दिनेश कुमार, एडवोकेट रमेश भोजक, एएसआई विजेन्द्र शर्मा, पालिका में प्रतिपक्ष के नेता राजकरण चौधरी आदि राजकीय अस्पताल पहुंचकर बच्चों से कुशलक्षेम पुछी।


कोहरे के कारण भिड़ी स्कूल बस व जीप


सादुलपुर/पत्रिका.

हमीरवास थानान्तर्गत गांव रामपुरा के नजदीक गुरुवार को एक स्कूल बस एवं जीप की भिड़ंत में जीप में सवार दो व्यक्ति गंभीर घायल हो गए। जबकि स्कूल बस में कोई हताहत नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार अल सुबह घने कोहरे के चलते बस और बोलेरो जीप में हुई भिड़ंत के बाद जीप में सवार बजरंगसिंह एवं रमेश को चोटें लगीं। जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत होने के कारण रमेश को चूरू रैफर किया है। जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.