सवाईमाधोपुर. शिवाड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को भले ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत कर दिया हो लेकिन हालात जस के तस बने है। चिकित्सा विभाग की अनदेखी से यहां रोगियों को सीएचसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि मरीज व उनके परिजन महंगे दामों पर उपचार कराने को मजबूर है। कस्बे का सीएचसी केवल नाम के लिए ही क्रमोन्नत हुआ है। यहां चिकित्सकों का अभाव, दवाइयों का टोटा, चिकित्सकों के नियमित नहीं आने की समस्या बनी है। ऐसे ही हालात शनिवार को दिखाई दिए। निर्धारित समय पर भी चिकित्सा प्रभारी कक्ष से नदारद थे। वहीं मरीज इधर-उधर ही भटकते दिखे।
खाली पड़े पद
यहां जूनियर स्पेशलिस्ट के दो पद, एसएमओ का एक पद एवं एमओ का एक पद स्वीकृत है। इसकी वित्तीय स्वीकृति भी आ चुकी है लेकिन आज तक इन पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई है।
नहीं ठहरते चिकित्सक
शिवाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर कहने को तो तीन चिकित्सक है लेकिन वहां केवल कम्पाउण्डर ही दिखाई देते है। यहां एक मात्र नियुक्त फार्मासिस्ट को भी कई माह से सेवा गांव में प्रतिनियुक्ति पर लगा रखा है। नर्सिंग स्टाफ ही दवाइयों का वितरण कर रहे हैं। चिकित्सकों के समय पर नहीं आने से अन्य स्टाफ भी समय पर नहीं आता है।
पीएमओ से शिकायत
सीएचसी पर चिकित्सकों के समय पर नहीं आने को लेकर शनिवार को रोगियों व उनके परिजनों में रोष रहा। लोगों ने पीएमओ व सीएमएचओ से शिकायत कर अस्पताल में चिकित्सकों को पाबंद करने एवं दवाएं मुहैया कराने की मांग की।





No comments:
Post a Comment