धीरेंद्र जोशी/उदयपुर. रसद तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को जिले में विभिन्न मिष्ठान भंडार, दूध भंडार और गैस सिलेंडर विक्रेताओं की जांच कर कई अनियमितताओं का खुलासा किया। जांच में सुभाष चौराहा स्थित चरक मिष्ठान भंडार के गोदाम से 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। दूसरी अनियमिताएं भी मिली। इसके साथ ही अन्य दुकानों पर भी खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए।जिला रसद अधिकारी (प्रथम) गितेश श्रीमालवीय के नेतृत्व में प्रवर्तन निरीक्षक पिंकी भाटी व डॉ. निशा मुन्दड़ा तथा खाद्य निरीक्षक अनिल भारद्वाज, विधिक माप विज्ञान (बाट-माप) विभाग के सहायक नियंत्रक मनीष भटनागर ने सुभाष चौराहा स्थित चरक मिष्ठान भण्डार में एफएसएस एक्ट 2015 के तहत रस मलाई के नमूने लिए। मिठाई गोदाम पर लगभग 20 लीटर खराब उबला हुआ तेल मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया। दुकानदार को मिठाई के साथ पैकेट का वजन नहीं तोलने के निर्देश दिए गए। मौके से 5 घरेलू उपयोग वाली 5 गैस टंकियां जब्त की।इसी क्रम में सेवाश्रम के आगे बीकानेर मिष्ठान भण्डार पर मिश्री मावा मिठाई का नमूना लिया। पटेल दूध डेयरी सेक्टर-14 पर भी घी का नमूना लेकर प्रयोगशाला भिजवाया गया।
गैस एजेन्सी पर कार्रवाई
गैस एजेन्सीज के औचक निरीक्षण पर सामने आया कि शहर में अलग-अलग स्थानों पर एजेन्सी के हॉकरों की ओर से धरातल पर रखकर गैस सिलेण्डर आपूर्ति जारी थी। अम्बामाता गैस सर्विस की ओर से 39 घरेलू एवं 2 व्यावसायिक गैस सिलेण्डरों, छनवाल एचपी गैस की ओर से 5 घरेलू व 1 व्यावसायिक, जशोदा इण्डेन गैस की ओर से 45 घरेलू, शिवशक्ति गैस सर्विस की ओर से 4 घरेलू व 2 व्यावसायिक, सूर्या गैस एजेन्सी के 24 घरेलू व 2 व्यावसायिक, मीरा गैस सर्विस के 34 घरेलू, नूतन गैस सर्विस के 42 घरेलू व 2 व्यावसायिक गैस सिलेण्डर धरातल पर रखे मिले। इस पर नोटिस जारी कर तीन दिवस में जबाव मांगा गया है।





No comments:
Post a Comment