चित्तौडग़ढ़..राजस्थान व मध्यप्रदेश के बॉर्डर पर अब वाहनों की नियमित रूप से जांच की जाएगी। दोनों राज्यों के महानिदेशकों ने एक- दूसरे को वांछित अपराधियों की सूचियां भी सौंपी है, जिनकी धर-पकड़ का अभियान जल्द ही शुरू हो जाएगा।
विधान सभा चुनाव के मद्देनजर दोनों राज्यों के महानिदेशकों की सोमवार को यहां जिंक गेस्ट हाउस में हुई अन्तरराज्यीय समन्वय बैठक में यह निर्णय किया गया। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक ओ.पी् गल्होत्रा व मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज विशाल बंसल ने सीमावर्ती जिला चित्तौडग़ढ़, बांसवाड़ा व प्रतापगढ़ जिले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाइयों के बारे में बताया। बैठक में सीमावर्ती जिलों के निवासरत वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने की कार्य योजना तैयार की गई तथा दोनों राज्य के वांछित अपराधियों की सूचियों का आदान प्रदान किया गया। बैठक में महानिरीक्षक पुलिस, इन्टेलीजेंस, मध्यप्रदेश ने उनके द्वारा बनाई गई कार्य योजना के बारे में बताया गया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस एवं एसओजी जयपुर उमेश मिश्रा ने अवैध रूप से हथियारों की खरीद-फरोख्त के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एसटीएस व एसओजी की ओर से वर्ष 2014 से अब तक अवैध हथियार सम्बन्धी की गई कार्रवाई के बारे में बताया।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण कराते हुए अपराध सम्बन्धी जानकारी साझा करने के लिए सीमावर्ती थानाधिकारियों/ वृताधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा पूर्ण सहयोग करने, अवैध शराब व मादक पदार्थ तस्करी, भण्डारण, अवैध हथियार तस्करी में आसूचना का संकलन कर कार्रवाई करने तथा बॉर्डर पर निरन्तर वाहन चैकिंग करने की कार्य योजना पर विचार किया गया। चुनाव के मद्देनजर सीमाओं पर दोनों राज्यों द्वारा चिह्नित नाकाबंदी स्थलों पर नियमित रूप से नाकाबंदी करने, सोशल मीडिया पर भी तुरन्त सूचनाओं का आदान प्रदान करने का निर्णय किया गया।
बैठक में राजस्थान पुलिस से विशिष्ठ महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था एन.आर.के रेड्डी, पुलिस अधीक्षक चित्तौडग़ढ़ मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ शिवराज मीना, पुलिस अधीक्षक बांसवाड़ा कालूराम रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा दिलीप सैनी शामिल हुए। जबकि मध्यप्रदेष से महानिरीक्षक पुलिस उज्जैन जोन राकेश गुप्ता, महानिरीक्षक पुलिस इंटेलिजेंस मकरंद देउसकर, उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज जितेन्द्र कुशवाह, पुलिस अधीक्षक नीमच तुषारकांत त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक मंदसौर मनोज कुमार सिंह, उपायुक्त नारकोटिक्स ब्यूरो प्रमोदसिंह, सेन्ट्रल नारकोटिक्स ब्यूरो के अधीक्षक एस.के. पाठक शामिल हुए।
...................
अपराधियों की धरपकड़ के लिए मिलकर काम करेंगी पुलिस-गल्होत्रा
राज्य के पुलिस महानिदेशक ओ.पी. गल्होत्रा ने कहा कि अपराधी कानून नहीं जानते और न ही मानते हैं। अपराधियों, अवैध हथियार, मादक पदार्थों की धरपकड़, अपराधियों का आवागमन पर अंकुश के लिए दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर काम करेगी।गल्होत्रा मंगलवार को चित्तौडग़ढ़ में आयोजित मध्यप्रदेश व राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आयोजित बैठक मेें कई मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस एक-दूसरे के राज्य में होमगार्ड्स का आदान-प्रदान करेगी। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक वी.के. सिंह ने कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश का बॉर्डर काफी बड़ा है। दोनों राज्यों में ११ जिले सीमावर्ती क्षेत्र में है। दोनों राज्यों की पुलिस में बेहतर समन्वय रहेगा। चुनाव बिगाडऩे वाले एक बॉर्डर से दूसरे बॉर्डर में चले जाते हैं। शराब और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और धरपकड़ को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई है। सौ से अधिक नाकों का चिन्हीकरण कर लिया है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पूरा विश्वास है कि दोनों राज्यों में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से होंगे।





No comments:
Post a Comment