Breaking News
recent

''मोदी बन गए अनिल अंबानी के चौकीदार'',जानिए पूरी खबर

पोकरण / जैसलमेर. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को परमाणु परीक्षण की धरती पोकरण से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद को देश का चौकीदार बताया था, लेकिन आज वे अनिल अंबानी के चौकीदार बनकर सामने आए हैं। अब वे भ्रष्टाचार, काले धन की बात नहीं करते और देश को धर्म-जाति जैसे मुद्दों पर बरगलाना चाहते हैं। 28 मिनट के सम्बोधन में करीब 21 मिनट तक राहुल ने मोदी, राफाल विमान सौदे, नोटबन्दी, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चौकसी के मसलों पर बोलते रहे।
सरकार बनी तो 10 दिन में कर्जा माफ
कांग्रेस अध्यक्ष ने राजस्थान की मुख्यमंत्री पर खोखले वादे करने का आरोप लगाया। उनके पुत्र को भी ललित मोदी के साथ लपेटा। बड़ी घोषणा करते हुए राहुल ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने के 10 दिन में किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे।
इन्होंने भी किया संबोधित
सभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी वसुंधरा सरकार पर किसानों, युवाओं के साथ वादाखिलाफी के आरोप लगाए। गहलोत ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया तो सचिन ने कहा कि किलों और महलों से राज करने का समय गया। उन्होंने प्रचंड बहुमत से अगली सरकार कांग्रेस की बनने का विश्वास प्रकट किया। बायतु से पार्टी प्रत्याशी हरीश चौधरी, पोकरण से ***** मोहम्मद तथा जैसलमेर से रूपाराम ने विचार प्रकट किए। राहुल ने लोगों से कहा कि वे मोदीजी के जैसे झूठे वादे नहीं करते। पंजाब और कर्नाटक में किसानों को पूछ सकते हैं। मैंने वहां भी यह वादा किया था बाद में किसानों के कर्ज कांग्रेस सरकारों ने माफ कर दिए।
बाबा रामदेव को याद किया
राहुल गांधी ने अपने सम्बोधन की शुरुआत में कहा कि, बाबा रामदेव की धरती पर आकर वे बहुत खुशी महसूस कर रहे हैं। बाबा ने सबको जोडऩे की कोशिश की है। कांग्रेस की भी वही विचारधारा है। भाजपा नफरत और बांटने की राजनीति करती है।
अकाल और सूखे में हम साथ रहे : गहलोत
इससे पहले सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि अकाल और सूखा के दौरान हमने किसानों, पशुपालकों के साथ पशुधन पर आंच नहीं आने दी। भाजपा के नेताओं को लोकतंत्र में यकीन ही नहीं है। वे झूठ बोलकर और झूठे वादे कर चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने रिफायनरी के मसले पर मुख्यमंत्री को घेरा तो मोदी और योगी आदित्यनाथ पर धर्म तथा जाति के नाम पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश का आरोप मढ़ा। गहलोत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव राजस्थान की तस्वीर बदलने वाले हैं।
इतने दिन कहां थे ये नेता : पायलट
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि चुनाव में प्रचार करने के लिए प्रधानमंत्री और भाजपा के सभी बड़े नेता राजस्थान में घूम रहे हैं। उनसे पूछिए जब राजस्थान के बाशिंदे तकलीफ में थे, तब वे कहां थे? पायलट ने कहा कि हजारों की भीड़ देखकर यकीन हो गया है कि मारवाड़ की सभी सीटों पर कांग्रेस विजयी होगी। मंच पर कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे, सहप्रभारी विवेक बंसल सहित अन्य नेता मौजूद थे। इससे पहले राहुल गांधी निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से पोकरण कॉलेज मैदान में हेलीपेड पर उतरे। वे कुछ देर पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मिले। सभा में पोकरण विधानसभा क्षेत्र के अलावा जैसलमेर तथा आसपास के इलाकों से लोग जुटे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.