Breaking News
recent

दर्शन देने भक्तों के घर गए सांवलिया सेठ

भीलवाड़ा।

 

नौगांवा के सांवलिया सेठ ने भक्तों को घर-घर जाकर दर्शन दिए। अवसर था माधव गोशाला परिसर का सांवलिया सेठ मंदिर के द्वितीय पाटोत्सव व फूलडोल महोत्सव का। सुबह 7 बजे आकर्षक वेशभूषा में सजे सांवलिया सेठ (ठाकुरजी) चांदी के बेवाण में नगर भ्रमण को निकले। झांतला माता नवयुवक मंडल, सांवलिया नवयुवक मंडल, चारभुजा महिला मंडल, गणेश मंडल की अगुवाई में बड़ी संख्या में नौगांवा व गाडरमाला के भक्तों के साथ गाजे-बाजों के बीच निकले ठाकुर जी ने घर-घर जाकर दर्शन दिए।

महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर ठाकुरजी का स्वागत कर सुख-शांति की कामना की। किसी ने भगवान को माला पहनाई तो किसी ने फूल चढ़ाए। कईं भक्त हाथों में जल व दूध का कलश लेकर अभिषेक को आतुर थे। कईं स्थानों पर रंग गुलाल से सांवलिया को रंगने में श्रद्धालुओं ने उत्साह दिखाया। यात्रा मंदिर से शुरू होकर नौगांवा व गाडरमाला में घर-घर दर्शन देते पुन: मंदिर पहुंची। इस दौरान चारभुजा नाथ बड़ा मंदिर, चारभुजा नाथ रावतों का मंदिर, हनुमान मंदिर पर ठाकुर जी की आरती की गई। यात्रा में प्रसाद बांटा गया।

विभिन्न स्थानों से पहुंची भजन मण्डलियों व महिला संगठनों ने भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करते नृत्य करने को मजबूर कर दिया। सांवलिया सेठ मंदिर प्रबंध समिति नौगांवा के संयोजक भंवरलाल दरगड ने बताया कि पाटोत्सव व फूलडोल महोत्सव के समापन पर प्रसाद बांटा गया। संस्थान अध्यक्ष डीपी अग्रवाल व सचिव सत्यप्रकाश गग्गड़ ने बताया कि माधव गोशाला परिसर में 8 नवम्बर को दोपहर 3 बजे बैल सजावट व मंदिर में अन्नकूट महोत्सव होगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.