दौसा. विधानसभा चुनाव की तैयारियों में प्रशासन पूरी तरह जुट गया है। सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने का काम शुरू हो जाएगा। 19 नवम्बर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 20 नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 22 नवम्बर तक नाम वापसी के साथ ही अंतिम सूची जारी होगी। 7 दिसम्बर को मतदान व 11 दिसम्बर को मतगणना होगी।
इधर, अभी तक प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशी घोषित नहीं हुए हंै। मतदाताओं से लेकर राजनीतिक कार्यकर्ताओं को दलों के उम्मीदवारों के नाम का इंतजार है। आमजन में भी अब चुनावी चर्चा जोर-शोर से हो रही है।
शनिवार को जिला कलक्ट्रेट में विधानसभा आम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से सम्पन्न कराने के लिए गठित प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक हुई इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी नरेशकुमार शर्मा ने कहा कि जिन प्रकोष्ठों को जो कार्य दिया गया है, उसको समय सीमा में पूर्ण करें। चुनाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा तुरंत प्रभाव से निलम्बित किया जाएगा।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजवीरसिंह चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद चतुर्वेदी, अतिरिक्त मुख्यकार्यकारी अधिकारी सुरेन्द्रसिंह मीना, डीएफओ रामानंद भाकर, एसडीएम डॉ गोरधनलाल शर्मा, सहित सभी &0 प्रकोष्ठों के प्रभारी मौजूद थे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजवीरसिंह ने बताया कि सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। एसएसटी टीम जांच भी शुरू कर देगी।
प्रत्याशी समेत पांच को मिलेगा प्रवेश
रिटर्निंग अधिकारी दौसा डॉ. गोवर्धनलाल शर्मा ने बताया कि नामांकन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान प्रत्याशी सहित पांच जनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। कलक्ट्रेट में तीन वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। बिना अनुमति रैली नहीं निकाली जा सकेगी। शनिवार को मॉक नॉमिनेशन प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। इसके तहत निखिल आनंद व अर्चना देवी ने नामांकन किया। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को अंजाम देकर तैयारी की।
पीठासीन व मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण आज से
पीठासीन अधिकारियों व प्रथम मतदान अधिकारियों को 11 से 14 नवम्बर तक तथा द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारियों को 15 से 18 नवम्बर तक पंडित नवलकिशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दौसा में प्रात: 9 से शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। व्यवस्था के लिए प्रकोष्ठवार प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए हैं। सभी प्रशिक्षणार्थी पासपोर्ट साइज की दो नवीनतम फोटो लेकर आएंगे।
सोशल मीडिया पर रात को चुनाव संबंधी पोस्ट पर प्रतिबंध आदर्श आचार संहिता की अवधि के दौरान रात 10 से सुबह 6बजे तक सोशल मीडिया व एसएमएस पर चुनाव संबधी प्रचार पोस्ट पर प्रतिबन्ध रहेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के 5 सितम्बर के निर्देश के अनुसरण में यह प्रतिबंध लागू किया गया है। रात दस से सुबह छह बजे के मध्य घर-घर जाकर प्रचार करना, एसएमएस, व्हाट्सएप, लाउड स्पीकरों आदि के प्रयोग के माध्यम से प्रचार संबधी क्रियाकलापों पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि ऐसा करना नागरिकों की गोपनीयता का सम्मान करने और सामान्य रूप से लोगों के सार्वजनिक जीवन में बाधा उत्पन्न नहीं हो इसके लिए आवश्यक है।





No comments:
Post a Comment