जैसलमेर. शहर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में जिला विधिक सेवा सप्ताह का समापन हुआ। समारोह में जिला एवं सेशन न्यायाधीश आशुतोष कुमार मिश्रा अध्यक्ष, जिला कलक्टर ओम कसेरा व पुलिस अधीक्षक जगदीशचंद्र शर्मा मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय अनीता शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव शरद तंवर, पोक्सो मामलों के न्यायाधीश नरेंद्र सिंह मालावत, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनोज कुमार मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट संध्या पूनिया, जैसलमेर अधिवक्ता बार अध्यक्ष राणीदान सेवक, जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी,कर्मचारी व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, अधिवक्ता, पैरालीगल वॉलेन्टियर्स उपस्थित रहे। इस दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश मिश्रा नेे कहा कि पात्र लोगों को विधिक सेवा की जानकारी देना जिला विधिक प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य है। उन्होनें कहा कि विधिक सप्ताह के दौरान गांव स्तर तक लोगों को कानूनी जानकारी दी गई व बाल विवाह कानून के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि 8 दिसम्बर को न्यायालयों में लंबित व विवाद पूर्व प्रकृति के सभी प्रकार के मामलों के निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने 16 दिसम्बर को पोकरण मुख्यालय पर विधिक सेवा शिविर के आयोजन की भी बात कही। समारोह में जिला कलक्टर ओम कसेरा ने कहा कि विधिक सेवा कार्यक्रमों से आमजन में विधिक जागरुकता उत्पन्न होती है। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजनो में पुलिस विभाग के अधिकारियों व कार्मिकों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को ऐसे कार्यक्रमों से कानून में हुए नए संशोधनों की भी जानकारी मिलती है। जिला सचिव शरद तंवर ने प्रोजेक्टर प्रेजेंटशन के माध्यम से सप्ताह के दौरान आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया । समारोह में नालसा थीम सोंग ‘एक मुटठी आसमान’ भी दिखाया गया व बाल विवाह, बेटी बचाओ विषय से संबंधित लघु वृत्त चित्रों का प्रदर्शन भी किया गया। संचालन सेवानिवृत्त व्याख्याता बराईदीन सांवरा ने किया।





No comments:
Post a Comment