हिण्डौनसिटी.
हिण्डौन में विधानसभा चुनावी घमासान छिडऩे की शुरुआत में पांच योद्धा रणछोड़ हो गए। नाम निर्देशन पत्र वापस लेने के अंतिम दिन गुरुवार को बसपा व भारत वाहिनी पार्टी प्रत्याशी सहित पांच प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। अब चुनाव मैदान में कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशी सहित चार उम्मीदवार मैदान में हैं।
नामांकन पत्रों की जांच के पास कांग्रेस और भाजपा में रूठ कर बागी हुए अपनों को मनाने में प्रत्याशियों व पार्टी पदाधिकारियों की मानमनुहार रंग लाई। ऐसे में तीन बजे तक बसपा के अतरसिंह मेवला, भारत वाहिनी पार्टी प्रत्याशी पूर्व विधायक कमलराम कोली, निर्दलीय रतनलाल कोली, निर्दलीय चंद्रादेवी कोली व निर्दलीय बाबूलाल बंशीवाल ने नामांकन वापस ले लिया। साथ ही उपजिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में चुनाव मैदान से हटने घोषणा की।
गोद में उठा मनाए रतनलाल-
निर्दलीय प्रत्याशी रतनलाल कोली से बुधवार को सूरौठ में भाजपा के पदाधिकारियों की मनुहार पर मैदान छोडऩे को तैयार हो गए। चुनावी समर छोडऩे की घोषणा को सोशल मीडिया पर भी वायरल किया गया। गुरुवार सुबह पदाधिकारी निर्दलीय को कार से उपजिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय लेकर आए और गोद उठा कर उपजिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तक पहुंचाया।
कार्यालय खोल,दूसरे दिन छोड़ा रण-
हिण्डौन में एसडीओ और करौली में एडीएम रहे सेवानिवृत आरएएस अतरसिंह मेवला ने बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में ताल ठोकने के पांचवे दिन ही मैदान छोड़ दिया। मेवला ने बुधवार को शहर में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया, लेकिन गुरुवार दोपहर में नाम वापस ले लिया। विशेष बात यह रही कि बसपा कार्यालय उद्घाटन में मौजूद एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी नाम वापस ले लिया।
चार उम्मीदवार, जांच में हुए बाहर
हिण्डौनसिटी. विधानसभा चुनाव के लिए भरे गए नाम निर्देशन पत्रों की जांच के दौरान चार उम्मीदवार तो पहले ही मैदान से बाहर हो गए। इसमें आमआदमी पार्टी का प्रत्याशी भी शामिल है।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित प्रपत्र की पूर्ति नहीं होने पर ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी चरणसिंह जाटव, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी रोशनलाल डोम, पीपुल्स ग्रीन पार्टी के प्रत्याशी महेन्द्रसिंह कोली, भाजपा से बागी होकर निर्दलीय के रूप में ताल ठोकने वाली प्रत्याशी शीला चंदन व चांदनी कोली का नामांकन प्रपत्र क्रमांक-7 निरस्त कर दिए।
इनमें होगी वैलेट जंग
भरोसीलाल जाटव- कांग्रेस
मंजू खैरवाल- भाजपा
शशि दत्ता- राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी
शिवनारायण- निर्दलीय





No comments:
Post a Comment