मुंबई। भारतीय जनता पार्टी में बगावती सुर अलापने वाले विधायक अनिल गोटे ने धुले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन, केंद्रीय राज्यमंत्री सुभाष भामरे और पर्यटन मंत्री जय कुमार रावल उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
धुले से भाजपा के विधायक अनिल गोटे बुधवार को विधान भवन पहुंचे। यहां पर उन्होंने बताया कि उन्हें एक ऑडियो क्लिप मिली है, जिससे साफ हो जाता है कि भाजपा नगरसेविका के बेटे अमोल चौधरी मुझे मारने की सुपारी दे चुके हैं। उनका दावा है कि उनकी पार्टी की सरकार में ही यह सब उनके खिलाफ हो रहा है।
अनिल का कहना है कि सोशल मीडिया पर उन्हें और उनकी पत्नी को घसीटा जा रहा है और आपत्तिजनक बातें लिखी जा रही हैं। गोटे का कहना है कि हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों के दर्ज होने के बावजूद पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ने उस व्यक्ति को पार्टी में शामिल करवाया।
गोटे की मानें तो ऑडियो क्लिप में गणेश नाम का एक शूटर यह कह रहा है कि एक जनसभा के दौरान गोटे को गोली मारने की योजना थी, लेकिन एक व्यक्ति बीच में आ गया और वो बच गए। बता दें कि धुले महानगर पालिका चुनाव को लेकर गोटे ने बागी तेवर अपना लिए थे और भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ ही अपने उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं।
अनिल गोटे ने इस मामले को विधानसभा में भी सबके सामने उठाया। इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।





No comments:
Post a Comment