Breaking News
recent

आयुश को गोली मारने वालों की तलाश, कुछ संदिग्धों से पूछताछ शुरू

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, देर रात हुआ हत्या का मामला दर्ज
श्रीगंगानगर. पुरानी आबादी इलाके में मोहरसिंह चौक पर सोमवार शाम को हुए झगड़े के दौरान गोली मारकर एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों की ओर से सोमवार देर रात हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम को गोली लगने से हुई आयुश की हत्या के मामले में देर रात मामला दर्ज किया गया है। इसमें चार एमएल निवासी तरुण तरड़ पुत्र सुभाष तरड ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि सोमवार शाम करीब सात बजे बाद महावीर इंटरनेशनल कॉलोनी निवासी आयुश सहारण पुत्र संजय सहारण को अनमोल नागपाल ने फोन कर मोहरसिंह चौक पर राजीनामे के लिए बुलाया था। जब वह अपने साथियों के साथ वहां गया तो रामसिंह जाखड, रजत भांभू, सचिन, मोनू, सुनील राईका, लक्ष्मण जाखड, जगदीश उर्फ जगला, अभिषेक, अनमोल नागपाल सहित चार-पांच अन्य युवक वहां खड़े थे।

 

जगदीश व अनमोल के हाथों में पिस्तौल थी और अन्य युवकों के हाथों में लाठी-डंडे थे। बातचीत से पहले ही आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और फायर कर दिए, जिससे गोली लगने से आयुश की मौत हो गई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने देर रात ही कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए राउण्डअप कर लिया था।
मंगलवार सुबह राजकीय चिकित्सालय में मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक को दाहिने बगल से गोली लगी थी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित, जवाहरनगर थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक सहित अन्य पुलिस जाब्ता मौजूद था। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई कर रही है।


तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात
- युवक की गोली मारकर हत्या की घटना के बाद तनाव को देखते हुए मोहन सिंह चौक पर गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अलावा पुलिस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती एक घायल की निगरानी कर रही है। यहां भी पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।


इनका कहना है
- मृतक को आरोपियों ने राजीनामे के लिए बुलाया था और मारपीट की तथा गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान हमलावरों का एक साथी भी घायल हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
सुरेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीगंगानगर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.