सीकर. सीकर जिले के गांव पुरा छोटी के एक युवक ने जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक को परिवाद देकर आत्मदाह करने की मंजूरी मांगी है।
पीडि़त युवक का कहना है कि उसकी मां उनका साथ बचपन में छोड़ कर जा चुकी है और पिता की हत्या होने के बाद पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। ऐसे में मानसिक प्रताडऩा उसे जीने नहीं दे रही है और वह आत्मदाह कर अपना जीवन समाप्त करने को मजबूर है।
जानकारी के अनुसार पुरा छोटी के औकारमल ने जरिए इस्तागासे सदर थाने में रिपोर्ट भिजवाई है। जिसमें उसके आरोप हैं कि उसके पिता घीसालाल सोनी महेश पुत्र घीसालाल, पिंटू तथा श्रवण के साथ मिलकर पेंटर का काम करते थे।
जब वह छोटी पुरा निवासी घीसालाल कामड़ के घर गए तो अगले दिन दोपहर तक वापस नहीं आए। उसके चाचा को उनका शव कुएं पड़ा मिला। सुबह पुलिस ने आकर शव निकाला। आरोप है कि उसके पिता को अंतिम बार घीसालाल कामड़ के घर जाते देखे गए थे और इसके बाद उनका शव ही मिला।
ऐसे में उसके पिता के साथ पैसों के लेनदेन की खातिर महेश, पिंटू व श्रवण ने मारपीट की है और शव को कुएं में डाल दिया। औकार के अनुसार उसकी मां सालों पहले उनका साथ छोडकऱ जा चुकी है और अब पिता का सायां भी आरोपितों ने छीन लिया। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इधर, अकेला अनाथ हो जाने पर वह जीना नहीं चाह रहा है।
गवाह भी परेशान
औंकार का कहना है कि जांच अधिकारी गवाहों के बयान नहीं ले रहे हैं। बार-बार बुलाने पर गवाह भी परेशान हो गए हैं। जबकि इससे पहले जांच अधिकारी जयप्रकाश उन्हें चक्कर कटवा चुका है। अब कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सीकर को दोबारा परिवाद सौंपा गया है।
इनका कहना है
परिवादी ने पहले मर्ग दर्ज कराई थी। इसके बाद कोर्ट से इस्तगासे के जरिए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गवाहों के बयान लिए जा रहे हैं।
-रामकिशन, पुलिस जांच अधिकारी, सीकर





No comments:
Post a Comment