देवगढ़. भीम विधानसभा क्षेत्र के लोग पिछले ५ बरस से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर फोरलेन सडक़ का काम पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन, अधूरा फोरलेन तो पूरा नहीं हो पाया पर इसके कारण यहां आए दिन होने वाले हादसों में कई लोग अकाल मौत के मुंह में समा गए तो कई अपंग हो गए।
इस मार्ग पर २३ फरवरी २०१३ को फोरलेन का शिलान्यास तत्कालीन हुआ था। तब से लेकर आज तक ब्यवार से लेकर गोमती तक के मार्ग पर फोरलेन का काम अटका है, जबकि गोमती से उदयपुर तक का काम पूरा हो चुका है। बताया गया कि इस मार्ग का कुछ क्षेत्र वनविभाग के अंतर्गत आता है, जिससे विभाग के अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) को लेकर मामला अटक गया था। ऐसे में एनओसी मिलने में हुई देरी से निर्माण कार्य की लागत में भी बढ़ोतरी हो गई। लेकिन, इसके बाद भी करीब पांच वर्ष से ज्यादा समय तक फोरलेन का कार्य शुरू नहीं हो पाना लोगों के गले नहीं उतर पा रहा है। क्योंकि हाईवे पर अधूरे कार्य के कारण आए दिन हादसों में लोग जान गवां रहे हैं तो सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं। इसके साथ ही पूरा विधानसभा क्षेत्र हाइवे से जुड़ा होने के बावजूद यहां के चिकित्सालयों में चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ की कमी के कारण हादसों में घायलों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती है। ऐसे में ज्यादातर घायलों को अस्पताल लाने के बाद रेफर किया जाता है। ऐसे में कई घायल तो समय पर उपचार नहीं मिलने से दम तोड़ देते हैं। देवगढ़ चिकित्सालय में भामाशाहों द्वारा भेंट की गई गहन चिक्तिसा इकाई की मशीनें भी चिकित्सकों और विशेषज्ञों के अभाव में धूल फांक रही है। देवगढ़ की पेयजल समस्या के समाधान को 18 करोड़ की योजना लागू की गई, लेकिन इसमें तकनीकी खामी से लोगों को पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। यहां बने गौरवपथ में भी कई खामियां छोड़ दिए जाने से हादसे की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र के पर्यटन स्थल मेवाड़ के कश्मीर कहे जाने वाले गोरमघाट के विकास पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा, जबकि इसके माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है।
नहीं सुलझी लोगों की समस्याएं
विधायक हरिसिंह रावत पांच साल सक्रिय रहे, मगरा विकास बोर्ड अध्यक्ष होने के बावजूद मगरा क्षेत्र में रोड का काम अधूरा रहा। क्षेत्र में कई छोटे-बड़े अतिक्रमण हुए। कांग्रेस के सुदर्शनसिंह रावत नया चेहरा हैं, जनता के बीच कम पैठ है, लेकिन पिता लक्ष्मणसिंह का पूरा साथ है।
क्या थे वादे, क्या हुआ
हरिसिंह रावत
१- औद्योगिक इकाई स्थापित कराना जो नहीं हो पाया
२- भीम में महिला कॉलेज का वादा जो नहीं हो पाया
३- भीम को नगरपालिका बनाने का वादा जो कि नहीं हो पाया
४- चम्बल का पानी भीम तक लाने का वादा जो नहीं पूरा हुआ।
5- देवगढ़ में गौरव पथ निर्माण जो अधूरा है।
6- देवगढ़ में पेय जल के लिए पूरे नगर में नई पाइप लाइन बिछाने का वादा पूरा हुआ।
7- चिकित्सा में बेहतर सुधार, जो पूरा नहीं हुआ।
8- स्टेडियम बनाने का वादा भी अधूरा रह गया।
सुदर्शनसिंह रावत
१. नया चेहरा।
क्षेत्र का जन एजेण्डा
1. सामुदायिक चिकित्सालयों में रिक्त पड़े पदों पर शीघ्र नियुक्ति हो
2. भीम सहित छोटे-छोटे कस्बों मेंं सफाई व्यवस्था पुख्ता हो
3. देवगढ़ व भीम में आवासीय योजना लागू की जाए
4. शराबखोरी को नियंत्रित किया जाए
5. खेलों के विकास के लिए स्टेडियम बनवाए जाएं
6. सेना भर्ती बोर्ड वापस स्थापित किया जाए
7. भीलवाड़ा-पाली मार्ग को चौड़ा कर डामरीकरण किया जाए
8. महिला सुरक्षा के इंतजाम और पुख्ता किए जाएं
9. देवगढ़ में महिला कॉलेज खोला जाए
10. महिला रोग चिकित्सकों के पदों पर शीघ्र नियुक्ति हो
11. देवगढ़ व भीम में प्रतिदिन जलापूर्ति के इंतजाम हों
2013 का चुनाव परिणाम
नाम पार्टी प्रतिशत
हरिसिंह रावत भाजपा ४९.७०
लक्ष्मणसिंह रावत निर्दलीय ३९.८३
गोपालसिंह कांग्रेस ५.८४
नोटा .... ०.०२
2013 में हार-जीत का अंतर
६२५५० मत मिले भाजपा के हरिसिंह रावत को
44099 मत मिले निर्दलीय लक्ष्मणसिंह को
१८,४५१ रावत की जीत का अंतर
पहले बने फोरलेन...
ब्यावर से गोमती तक अधूरें फोरलेन का काम सबसे पहले पूरा होना चाहिए। क्योंकि इस मार्ग पर कई लोग जान गंवा चुके हैं और रोज हादसे हो रहे हैं।
दिलीप नारवानी, व्यवसायी, कामलीघाट
चिकित्सा व्यवस्था में हो सुधार
भीम-देवगढ़ में चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार और विकास की जरूरत है। इसके बिना क्षेत्र का विकास अधूरा ही रहेगा। नारायण सालवी, देवगढ़






No comments:
Post a Comment