प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं के सियासी हमले जारी
जयपुर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं के सियासी हमले जारी हैं। अब इस कड़ी में राजस्थान के पूर्व मंत्री शांति धारीवाल का नाम भी जुड़ गया है। कोटा में कल धारीवाल ने कहा, पिछली बार चुनाव में मोदी ने जनता को ऐसा क्लोरोफॉर्म सुंघाया कि लोग सुध-बुध खो बैठे और भाजपा के झूठे वादों के चक्कर में आ गए। लेकिन अब जनता को कांग्रेस शासन के कार्य याद आ रहे हैं। उन्होंने कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि देख लीजिए कांग्रेस के शासन में जो कार्य हुए, उनका रखरखाव भी ठीक से नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि इस बार मोदी आएंगे तो जनता उनकी बात पहले की तरह नहीं सुनेगी। झूठे वादों से लोग इतने दुखी हैं कि टीवी पर मोदी दिखाई देते हैं तो लोग चैनल बदल लेते हैं।
नोटबंदी से बढ़ी पीड़ा, लोग हुए बेरोजगार
कोटा में कांग्रेस की ओर से नोटबंदी की वर्षगांठ पर कलक्ट्री पर 11 से दोपहर डेढ़ बजे तक धरना दिया गया। यहां पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी, जीएसटी लगाकर देश के आम और मध्यम वर्ग के लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया। नोटबंदी को निरंकुश तरीके से थोपा गया। न व्यापार उठा और न ही अर्थव्यवस्था ठीक हो पाई। नोटबंदी के कारण लोगों को रोजगार छिन गया। नोटबंदी से लोगों पीड़ा बढ़ी है और आतंकवाद घटने बजाय बढ़ गया।
व्यापारी ही नहीं, आमजन भी तकलीफ में - सिंह
पूर्व सांसद इज्यराज सिंह ने कहा, नोटबंदी के कारण व्यापारी ही नहीं, आमजन भी तकलीफ में आ गया। फसल का उचित दाम नहीं मिलने से किसानों का कृषि से मोह भंग हो गया। शहर अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने कहा, लोग खुद के जमा किए गए रुपए भी बैंक से जरूरत के समय नहीं निकाल पाए। बैंक के बाहर लाइन में खड़े-खड़े कई लोगों ने प्राण गंवा दिए और पुलिस की लाठियां खाईं। धरने को प्रदेश महासचिव पंकज मेहता, प्रदेश सचिव शिवकांत नंदवाना, निगम के प्रतिपक्ष नेता अनिल सुवालका, पीसीसी सदस्य किशोर मदनानी, जिला महामंत्री अरूण भार्गव, सेवादल के देहात जिलाध्यक्ष मनोज दुबे सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। धरने पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





No comments:
Post a Comment