Breaking News
recent

‘लोकतंत्र का उत्सव मनाएंगे, मतदान प्रतिशत बढ़ाएंगे’

पाली/सोजत (निप्र).
राजस्थान पत्रिका की जागो जनमत यात्रा रथ बुधवार सुबह सोजत पहुंची। मतदाताओं को लोकतंत्र के उत्सव में ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। महावीर सर्किल पर क्षेत्रवासियों ने खुलकर अपने विचार रखे। किसी ने पेयजल, बदहाल अस्पताल, युवाओं के लिए रोजगार नहीं होने को लेकर विधायक को जिम्मेदार ठहराया तो किसी ने पिछले पांच वर्षों में हुए कार्यों को सराहा। इस दौरान महेन्द्र पालरिया ने कहा कि पिछले दस वर्षों से ट्रोमा यूनिट बना ओर न ही अंडरपास का निर्माण करवाया गया। विरेन्द्र लखावत ने कहा कि हम इस बार ईमानदार एवं समर्पित जनप्रतिनिधि चुनेंगे। आनंद भाटी ने कहा कि मेहंदी उत्पादन सोजत की पहचान है, लेकिन किसानों को मेहंदी का समर्थन मूल्य दिलवाने सहित उनके फसल नुकसान होने पर उनके हितों को लेकर कुछ नहीं किया जाता। एडवोकेट पंकज त्रिवेदी ने कहा कि सोजत क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र अभी तक विकसित नहीं किया जा सका है।
प्रफुल्ल ओझा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में शहर से लेकर गांवों तक पक्की सडक़ों का निर्माण हुआ। राकेश पंवार ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सोजत विकास के लिए काफी कुछ सकारात्मक कार्य हुए। जीवनसिंह राजपुरोहित धुरासनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के कई गांव आज भी विकास को तरस रहे हैं। पार्षद मनीष सोलंकी ने कहा कि सोजत कॉलेज में पीजी होना चाहिए। बलदेवराम गहलोत ने कहा कि किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। चम्पालाल ने कहा कि हवाई पट्टी की सफाई तक नहीं हो रही। हेमंत सिंघवी ने कहा कि कमजोर जनप्रतिनिधियों के चलते पिछले कुछ वर्षों में सोजत का माइनिंग, सोनामुखी का व्यापार चौपट हो गया। हनुवंतसिंह बारहठ ने कहा कि उस जनप्रतिनिधि को अपना वोट दूंगा जो क्षेत्र विकास पर बात करें। इसी क्रम में कन्हैयालाल गुप्ता बदहाल सफाई व्यवस्था, गोविन्द दवे ने क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध व युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति, अभिषेक सोने, चम्पालाल खोरवाल ने भी युवाओं को रोजगार मिले इस पर विचार व्यक्त किए।

फेक न्यूज को नहीं करेंगे फारवर्ड
राजस्थान पत्रिका और फेसबुक की ओर से चलाए जा रहे शुद्ध का युद्ध अभियान के तहत लोगों को फेक न्यूज को लेकर जागरूक किया गया । उन्हें सचेत किया कि चुनावी माहौल चल रहा है। सोशल मीडिया के जरिए आपके मोबाइल तक तरह-तरह के मैसेज आएंगे लेकिन उन्हें आगे से आगे भेजने से पहले यह जांच लेना जरूरी है कि वे कितने सत्य है। क्योंकि एक गलत मैसेज फैलने से क्षेत्र में अराजकता तक फैल सकती है। सभी ने संकल्प लिया कि सोशल मीडिया पर आने वाले किसी भी मैसेज की सत्यता जांचने के बाद ही वे उसे आगे भेजेंगे।

ली मतदान की शपथ
पत्रिका के आह्वान पर कार्यक्रम के अंत में सभी ने इस बार ईमानदार, समझदार, जवाबदेह जनप्रतिनिधि को चुनने की शपथ ली। साथ ही अपने परिजनों व मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस दौरान अधिवक्ता अशोक गहलोत, जगदीश पाराशर, प्रवीणकुमार प्रजापति, भंवरदास वैष्णव, गजेंद्र गहलोत, दुर्गाराम डांगी, देवाराम गहलोत, अर्जुन कुमार गहलोत, राकेश गहलोत, धीरज गहलोत, शाहरूख खोखर, विक्रम नवल, राज गहलोत, शाहबाज खान, ललित गहलोत, रतन राधे, विनोदकुमार गहलोत, हरिओम पंवार सहित कई जने उपस्थित रहे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.