Breaking News
recent

आहोर में चोरियों की वारदातों पर पुलिस का पर्दा, रिपोर्ट तक ही मामले सीमित

रिपोर्ट: जोगेश लोहार
आहोर. कस्बे समेत क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की यह शिथिल कार्यप्रणाली का ही नतीजा है कि पूर्व घटित दर्जनों चोरी की वारदातों का अभी तक राजफाश नहीं हो पाया है। इन मामलों को लेकर जहां पुलिस केवल हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है वहीं आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से फरार चल रहे है। पुलिस की नाकामी को लेकर आमजन में रोष व्याप्त है। कस्बे समेत क्षेत्र में जहां पिछले लंबे समय से जारी चोरियों का सिलसिला अभी तक थमने का नाम नहीं ले रहा है वहीं पुलिस पूर्व में कस्बे समेत क्षेत्र के गांवों में घटित सेंधमारी की दर्जनों वारदातों का अभी तक राजफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। कस्बे समेत क्षेत्रभर मेंं घटित दर्जनों चोरियों का राज आज भी दफन है। विशेष प्रयासों के अभाव में आरोपी अभी तक पुलिस के पकड़ से बाहर है। इधर, पुलिस की शिथिल कार्यप्रणाली को लेकर जनता में आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्र में पिछले लंबे समय से सक्रिय है चोर
पिछले लंबे समय से कस्बे समेत क्षेत्र में चोर सक्रिय है। चोरों द्वारा गत महीनों में कस्बे में आदर्श राउमावि के समीप प्रतापसिंह रावणा राजपूत के नाश्ते के ठेले, पंचायत समिति के समीप बाबूलाल प्रजापत के चाय के केबिन के ताले तोड़कर रसोई गैस सिलैण्डर चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने प्राइवेट बस स्टैण्ड से कस्बे मेंं जाने वाले मार्ग पर स्थित भंवरलाल प्रजापत के बर्तनों के गोदाम में सेंधमारी कर पांच कूलर व लोहे की पेटियां, आदर्श राउमावि के सामने सीमेंट की दुकान के ताले तोड़कर चोर नकदी, अज्ञात चोरों ने मादड़ी गांव में एक ही रात तक १३ सूने मकानों के ताले तोड़कर सेंधमारी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था तथा इसके बाद चोर कस्बे में राउमावि के सामने मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के ताले तोड़कर आठ एलईडी टीवी चुराकर ले गए थे। गंगावा स्थित बायोसा माता मंदिर व आईपुरा के आई माता मंदिर में चोरों ने दो बार सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में दानपात्र तोड़कर लाखों की नकदी चुराकर ले गए। इसके साथ ही चोरों ने क्षेत्र के कवराड़ा स्थित बाबा रामदेव मंदिर, बुड़तरा-छीपरवाड़ा गांव में तीन मकानों व एक मंदिर, पावटा के मनकेश्वर महादेव मंदिर समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित मकानों में सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। जिनका अभी तक पुलिस राजफाश नहीं कर पाई है। चोरों ने गत दिनों क्षेत्र के जोगावा गांव में किस्तुरचंद घांची के बंद पड़े मकान में ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व हजारों रुपए की नकदी चुराकर ले गए। हाल ही में चोरों द्वारा क्षेत्र के गुड़ा बालोतान में एक मकान में सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरी की वारदात घटित होने के बाद पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज कर इतिश्री कर ली जाती है। तभी तो पुलिस अभी तक क्षेत्र में घटित कई चोरियों का राजफाश नहीं कर पाई है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगा प्रश्न चिन्ह
गौरतलब है कि कस्बे में चोरी की वारदाते घटित न हो तथा अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से हर रोज रात्रिकालीन गश्त की जाती है तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिस के जवान भी तैनात रहते है। इसके बावजूद चोरों द्वारा लगातार एक के बाद एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि चोरों द्वारा पूर्व में पुलिस थाने के समीप ही कई जगह पर सेंधमारी की गई। जो कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करती है।
भगवान के मंदिरों को भी नहीं छोड़ा
कस्बे समेत क्षेत्र के गांवों में पिछले कुछ वर्षों से अज्ञात चोर सक्रिय है। जिसके तहत चोरों द्वारा पिछले लंबे समय से लगातार एक के बाद एक चोरी की वारदातें घटित की जा रही है जो वर्तमान में भी जारी है। चोरों ने सूने मकानों में चोरी करने के साथ कस्बे समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित भगवान के मंदिरों को भी नहीं छोड़ा है। चोरों द्वारा पूर्व में कस्बे के अलख महाराज मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, गौडी पाश्र्वनाथ बावन जिनालय मंदिर, चांदराई के ठाकुरजी मंदिर, गुड़ा बालोतान के चारभुजानाथ मंदिर, हरजी के जैन मंदिर, भागली के सांचोरी माता मंदिर, गंगावा के बायोसा माता मंदिर, कवराड़ा के बाबा रामदेव मंदिर, पावटा के मनकेश्वर महादेव मंदिर, आईपुरा के आई माता मंदिर समेत दर्जनों देवालयों में सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया गया। लेकिन इन वारदातों का पुलिस लंबा समय गुजर जाने के बाद भी अभी तक खुलासा करने में सफल नहीं हो पाई है।
दर्जनों सूने मकानों को बनाया निशाना
चोरों ने पिछले महीनों में कस्बे समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दर्जनों सूने मकानों को अपना निशाना बनाया। जिसमें चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत अन्य सामान चुराकर ले गए। इन वारदातों मेंं कई मकान मालिकों द्वारा जहां पुलिस थाने में चोरी की प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है वहीं कई मकान मालिकों द्वारा चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं करवाई गई है। दर्जनों सूने मकानों में घटित चोरी के मामले आज तक दफन है। पुलिस न तो चोरों की गतिविधियों पर अकुंश लगा पाई है और न ही अभी तक चोरों को पकडऩे में सफल हो पाई है। जिसकी वजह से ग्रामीणोंं में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है।
कार व बाइक चोरी के भी घटित हुए मामले
गौरतलब है कि गत महीनों में दिनदहाड़े कस्बे में पंचायत समिति के सामने लॉक की हुई बाइक को कोई चुराकर ले गया। यहां से बाइक देखते ही देखते गायब हो गई। इसके अलावा कस्बे में राउमावि के खेल मैदान से एक युवक की बाइक को कोई चुराकर ले गया। इससे पूर्व में भी कस्बे में बाइक चोरी के कई मामले घटित हुए। लेकिन पुलिस बाइक चोरों को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसके अलावा कस्बे में गत महीनों आठ निम्बड़ी की सेरी से चोरी हुई कार के आरोपितों का अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। चोर यहां रहवासीय मकान के बाहर खड़ी कार को चुराकर ले गए थे तथा बाद में वो कार जोधपुर रोड पर पुलिस को जली अवस्था में पड़ी मिली थी। पुलिस इस मामले का अभी तक राजफाश नहीं कर पाई है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.