- राजस्थान पत्रिका की जागो जनमत यात्रा
श्रीगंगानगर.
राजस्थान पत्रिका की जागो जनमत यात्रा बुधवार को श्रीगंगानगर, सादुलशहर और संगरिया विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं तक पहुंची। जिला मुख्यालय के नेहरू पार्क के पास मतदाताओं को शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक किया और आमजन को फेक न्यूज के बारे में जानकारी दी। पत्रिका प्रतिनिधि ने इलाके की समस्याओं पर जन एजेंडा २०१८-२०२३ को जनता के सामने रखा। इस पर आमजन ने सुझाव देते हुए विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और मुद्दों पर बेबाकी से अपना पक्ष रखा। लोगों ने पानी निकासी, जर्जर सडक़ों, ठप पड़ी औद्योगिक इकाइयों के प्रति जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर जमकर प्रहार किया। लोगों ने फेक न्यूज को आगे प्रसारित नहीं करने और सात दिसम्बर को मतदान करने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में अभिभावक संघ के बॉबी पहलवान, पार्षद डा.भरतपाल मय्यर, मोनू भाटी, कमलजीत सिंह, अधिवक्ता राधेश्याम गोयल आदि मौजूद थे।
नशे से मुक्ति दिलाओ
सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या नशे की बड़े पैमाने पर हो रही तस्करी और सेवन मुद्दा लोगों ने उठाया। सिंचाई पानी की समस्याओं का निराकरण कराने में सुस्ती पर जनप्रतिनिधियों को जमकर कोसा। सादुलशहर की सब्जी मण्डी चौक पर उपस्थित लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई व फेक न्यूज को लेकर सावधानी बरतने का आह्वान किया।
इस मौके पर कस्बे व आसपास के ग्रामीण अंचल के लोगों ने अपनी ज्वलन्त समस्याओं को प्रमुखता से रखा, इसमें ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों ने पेयजल की समस्या, ढाणियों में पेयजल नहीं पहुंचने, लिंक सडक़ों की जर्जर हालत, सादुलशहर के राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी, दूषित पेयजल आपूर्ति, बेसहारा गोवंश, विकास कार्यों की धीमी गति, विद्युत बिलों में विभिन्न प्रकार के शुल्क लगने आदि समस्याओं से अवगत करवाया। इसके अलावा भाखड़ा में १८७२ क्यूसेक पानी नहीं मिलने, पंजाब से आ रहे दूषित पानी से फैल रही बीमारियों की समस्या से भी अवगत करवाया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद राजेश सोनी, व्यापारी प्रेम गर्ग व राजेश सहारण, गजानन्द शर्मा, सहदेव सिहाग, राजेन्द्र जलन्धरा, विष्णु सोलंकी आदि ने अनेक समस्याएं रखी।
किशनपुरा में पानी निकासी बनी पहेली
हनुमानगढ़ जिले की संगरिया विधानसभा क्षेत्र के गांव किशनपुरा में सिंचाई पानी के लिए नहर का लेवल और गांव में बन रही नालियों से पानी निकासी पहेली बनकर रह गई है। यह कहना था गांव के जागरूक लोगों का।इस गांव में जागो जनमत यात्रा बुधवार दोपहर में पहुंची तो वहां ग्रामीणों ने खुलकर अपने इलाके की समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, खाद्य सुरक्षा योजना जैसी सरकारी योजनाओं का धरातल पर पर नहीं पहुंचने का आरोप भी लगाया। इस दौरान ग्रामीणों ने सात दिसम्बर को अधिकाधिक मतदान करने का संकल्प भी लिया। इस मौके पर सरपंच चन्द्रकला जाखड़, सुभाष नैण, लूणाराम मेघवाल, प्रवीण मेहरड़ा, गौरीशंकर वर्मा, रामचन्द्र भार्गव, पृथ्वी मेघवाल, देपाल कड़वासरा, ओमप्रकाश, राकेश जाखड़ आदि मौजूद थे।
फेक न्यूज से सावधान
राजस्थान पत्रिका के फेसबुक के साथ संयुक्त रूप से चल रहे शुद्ध का युद्ध अभियान में युवाओं व आमजन को बताया गया कि फेक न्यूज आकर्षक तरीके से परोसकर जनता को भ्रमित करने का काम किया जाता है। एेसी खबरों से पाठकों को सावधान रहने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर वायरल खबर को ठीक से जांच जरूरी है। पाठक खबरों की विश्वसनीयता के लिए इसकी प्रमाणिकता और स्त्रोत को जांच ले। खबर के गठन और ले आऊट से भी फर्जी खबरें पकड़ी जा सकती है। इसकी प्रमाणिकता पर ध्यान देना चाहिए। समाचारों की तारीख और प्रमाणों में आ जाती है। एेसे समाचारों को अन्य स्त्रोतों से पुख्ता किया जा सकता है।





No comments:
Post a Comment