मुआवजे की मांग को लेकर दिया धरना
सीकर. जिले के पाटन थाना इलाके के रामपुरा गांव में मंगलवार दोपहर खान में गिर जाने से मजदूर धर्मपाल (56) की मौत हो गई। मृतक खान पर मार्बल चिराई का काम करता था। बाद में ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल में धरना दिया। इसके बाद खान मालिक के प्रतिनिधियों ने परिजनों को मुआवजा राशि दी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाने की सहमति बनी। मामले के अनुसार बल्लूपुरा निवासी धर्मपाल यादव रामपुरा स्थित खोखरा माइंस पर मार्बल चिराई का काम करता था। सुबह अचानक उसका पैर फिसल जाने से वह खान में नीचे गिर गया। खान पर मौजूद लोगों ने धर्मपाल को पाटन के सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खान में गिरने से हुई मौत के कारण ग्रामीणों ने खान मालिक से मुआवजे की मांग करते हुए अस्पताल में ही धरना दे दिया। मामले की सूचना पर खान मालिक के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से बात कर सहमति बनाई।
परिवार में बची है पत्नी
खान में गिरने से हुई मौत के बाद मृतक धर्मपाल के परिवार में अब उसकी पत्नी ही बची है। धर्मपाल के पुत्रों की पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है जबकि उसकी पत्नी बीमार रहती है। ऐसे में मृतक की पत्नी के पास अब कोई सहारा नहीं बचा है।
सुरक्षा उपकरणों के अभाव में होती है मौत
इलाके की खान अब धीरे-धीरे मौत की सौदागर बनती जा रही है। खान मालिक अधिक मुनाफ ा कमाने के चक्कर में विभाग द्वारा निर्धारित किए गए सुरक्षा मानकों की पूरी तरह से अवहेलना करते है। जिसके कारण आए दिन खान श्रमिकों को अकारण मौत का शिकार होना पड़ता है।





No comments:
Post a Comment