Breaking News
recent

एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म, रैफर किए मरीज ने रास्ते में दम तोड़ा

दौसा. बांदीकुई अस्पताल से जयपुर रैफर होने के बाद सिकंदरा टोल प्लाजा के समीप एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से एक मरीज ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में मृतक के साथ आए परिजनों ने बताया कि कालीपहाड़ी निवासी लादूराम (45) को सुबह बांदीकुई अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जयपुर के लिए रैफर कर दिया। लादूराम को एम्बुलेंस 108 में ऑक्सीजन लगा कर बांदीकुई से रवाना किया गया।

 

 

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गिरधरपुरा टोल प्लाजा के समीप ही एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म हो गई। उन्होंने एम्बुलेंसकर्मियों से कहा तो उन्होंने आश्वासन दिया कि वे दौसा से शीघ्र ही दूसरी एम्बुलेंस मंगवाते हैं, लेकिन दौसा से दूसरी एम्बुलेंस नहीं आई। इस पर दौसा शहर में प्रवेश करते समय लादूराम ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म नहीं होती तो लादूराम की जान नहीं जाती। अस्पताल में मृतक की पत्नी व उसके बच्चे विलाप कर रहे थे।

 

 


बिहारीपुरा आ रहे बाइक सवार दम्पती को ट्रेलर ने कुचला

 


आंधी. थाना इलाके से गुजर रहे मनोहरपुर-कौथून राजमार्ग पर थाना मोड़ के समीप गुरुवार रात एक ट्रेलर ने बाइक पर सवार दंपती को कुचल दिया।थानाधिकारी बनवारीलाल ने बताया कि सैंथल थाना इलाके के बिहारीपुरा निवासी हरसहाय(40) पुत्र बद्रीनारायण कुम्हार गुरुवार रात करीब साढ़े सात बजे अपनी पत्नी लाली देवी (38 ) के साथ बाइक से आंधी में अपनी ससुराल से गांव बिहारीपुरा आ रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पम्प के सामने दौसा से मनोहरपुर की ओर जा रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। सिर पर टायर चढऩे से दोनों के शव क्षति-विक्षत हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कस्बे के चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया।

 


घर में छाया मातम


दंपती की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक तथा परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। मृतक हरसहाय के दो पुत्रियां एवं दो पुत्र है। बड़ी बेटी हंसा बीए फाइनल तथा छोटी बेटी सीता 8 वीं, वहीं बेटा कानाराम 11 वीं व राहुल आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं। माता-पिता की एक साथ मौत हो जाने के बाद अनाथ हुए बच्चों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक हरसहाय कुशल कारीगर था और दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का पालन करता था।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.