Breaking News
recent

हत्या या आत्म हत्या में उलझी मौत की गुत्थी


सीकर. शहर के बद्री विहार के पास बाड़े में मिले युवक के शव का मामला हत्या, आत्महत्या और स्वभाविक मौत में उलझ गया है। नामजद लोगों से पूछताछ में पुलिस के हाथ अब तक कुछ नहीं लगा है। दूसरे दिन भी मौके पर हत्या या आत्महत्या का कोई सबूत नहीं मिला।
ऐसे में पुलिस मौत का कारण जानने के लिए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। लेन-देने के मामले की जांच के लिए युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई गई है। वहीं इस मामले में शनिवार को युवक के परिजन और समाज के लोग एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। इन्होंने शहर कोतवाल विरेन्द्र शर्मा से मामले की अब तक की जांच की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।

शराबी समझ कर उठा ले गया था मोबाइल

शास्त्री नगर क्षेत्र के निवासी जितेन्द्र को बाड़े में सबसे पहले शेखपुरा क्षेत्र के युवक ने देखा था। वह युवक जितेन्द्र को शराब के नशे में समझकर उसके पास पड़ा मोबाइल उठाकर ले गया था। फोन को उसने अपने घर पर चार्ज लगा दिया। इस युवक को पुलिस ने शनिवार को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के तथ्यों से जितेन्द्र के परिजनों को भी अवगत करवा दिया। पूछताछ में सामने आया है कि जितेन्द्र के परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो इस युवक ने फोन रिसीव किया। आवाज नहीं आने पर अपने मोबाइल से वापस फोन किया और बाड़े में पड़े होने की स्थिति बताई। यह युवक ही परिजनों को बाड़े में ले गया था। जिसके बाद उसकी मौत होने की जानकारी मिली।

एफएसएल जांच के बाद होगा मौत का खुलासा
जितेन्द्र कुमावत के मौत के कारणों का सही खुलासा एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। कारण हत्या व आत्महत्या के सबूत नहीं मिलने पर पुलिस की जांच स्वभाविक मौत के कारणों की तरफ भी जा रही है। इसके लिए पुलिस ने बद्री विहार व आसपास के क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज भी एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार जितेन्द्र शराब पीता था। ऐसे में पुलिस का मानना है कि शराब के नशे में वह बाड़े में शौच के लिए गया हो और वापस नहीं आ पाया हो। इसकी प्रमुख वजह यह भी है कि उसका शव बाड़े में कोने में था। इसके अलावा उसकी पेंट भी खुली हुई थी।

नामजद से पूछताछ में नहीं खुला कोई राज
पुलिस ने इस मामले में जितेन्द्र से सम्पर्क रखने और मामले के नामजद चार युवकों को हिरासत में लिया है। चारों युवकों से अभी तक की पूछताछ में हत्या की वजह साबित नहीं हो पाई है। पैसों के लेनदेन का बड़ा विवाद भी सामने नहीं आया है। हालांकि इस मामले की कडिय़ां जोडऩे के लिए पुलिस मोबाइल डिटेल का सहारा ले रही है।

इनका कहना है:
पुलिस मामले में सभी तथ्यों की जांच कर रही है। नामजद आरोपितों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। अब तक जांच में हत्या या आत्महत्या के सबूत नहीं मिले हैं। एफएसएल जांच के बाद होगा खुलासा।
गिरधारीलाल शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक, सीकर शहर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.