जैसलमेर. विश्वविख्यात स्वर्णनगरी जैसलमेर महातीर्थ के दुर्ग स्थित जैन धर्म के 23वें तीर्थकर चिंतामणी पाश्र्वनाथ भगवान व सभी जिनालयों का दो दिवसीय वार्षिक ध्वजारोहण महोत्सव संपन्न हुआ। जैन ट्रस्ट व सकल जैन श्रीसंघ के तत्वावधान में अनुभव स्मारक संस्थान पाली के गुरुभक्त मण्डल परिवार की ओर से हर्षोल्लास के माहौल में महोत्सव का समापन किया गया।
प्रवक्ता महेन्द्र भाई बापना ने बताया कि ध्वजारोहण महोत्सव के मुख्य अतिथि जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी व सचिव जगदीश भंसाली थे। इस वर्ष जैसलमेर दुर्ग के सभी जिनालयों की ध्वजा, स्वामी वात्सल्य का समूचा लाभ स्मारक ट्रस्ट के गुरुभक्तों परिवार की ओर से लिया गया। सुबह 9.30 बजे जैन ट्रस्ट के तत्वावधान में अभिनंदन समारोह में आए मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों एवं लाभार्थी परिवार का जैन ट्रस्ट मंडल जैसलमेर ने तिलक, माला, साफा, स्मृति चिन्ह व श्रीफल भेंटकर बहुमान किया। जैसलमेर विधायक भाटी ने कहा कि जैन धर्म त्याग, तपस्या और संयम प्रधान धर्म है। उन्होंने कहा कि स्वर्णनगरी में इसी तरह हर वर्ष ध्वजा महोत्सव व तीर्थ यात्रियों का आगामन अनवरत चलता रहे। अनुभव स्मारक ट्रस्ट के सचिव जगदीश भंसाली ने अतिथियों व यात्रियों का अभिवादन करते हुए महोत्सव में पहुंचने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। सुबह 10 बजे जैन भवन से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सबसे आगे पंचरंगी ध्वजाएं लहरा रही थी, उसके पीछे ध्वजा के लाभार्थी परिवार व सैकड़ो श्रद्वालु सिर पर ध्वजा लिए हुए ढोल नगाड़े के साथ नाचते गाते चल रहे थे। शोभायात्रा जैन भवन से गांधी चौक पहुंचने पर विक्रमसिंह नाचना ने शोभायात्रा पर पुष्पों की वर्षा की गई। शोभा यात्रा जिन्दानी चौकी मुख्य बाजार, गोपा चौक होते हुए दुर्ग के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंची, जहां शोभायात्रा के गौपा चौक पहुंचने पर कई देशी - विदेशी पर्यटको ने ध्वजाओं के दर्शन कर फोटोग्राफी की। ध्वजाओं के दुर्ग स्थित जिनालयों में शुभ मुहूर्त में सतरवेदी पूजा व अठार अभिषेक, संगीतकार रामलाल एंड पार्टी घाणेराव व विधिकारक सुरत निवासी चंद्रकांत भाई, राजु भाई द्वारा कराई गई। मंत्रो के जयकारों के साथ सभी शिखरों पर हर्षोउल्लास के साथ ध्वजारोहण किया गया। सभी जिनालयों की वार्षिक पक्षाल पूजा का लाभ जगदीशचंद व पवन कुमार भंसाली की ओर से लिया गया। जिन भद्र सूरी ज्ञान भण्डार ने सभी गुरुभक्तों व श्रद्वालुओं ने ज्ञान भंडार के ग्रंथों की वासक्षेप से पूजा की। अठार अभिषेक व ध्वजा महोत्सव में पाश्र्व महिला मण्डल ने सेवाएं दी। रात्रि को नेमीनाथ जिनालय के प्रांगण में भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। जैसलमेर संघ के अघ्यक्ष राजमल जैन, सहमंत्री नेमीचंद जैन, ट्रस्टी अर्जुन भंसाली, कोषाध्यक्ष शेरसिंह जैन, पवन कोठारी, विजयसिंह, ओमप्रकाश राखेचा, मनोज कुमार राखेचा, समाज सेवी गजेन्द्रसिंह चौरडिया, पाश्र्व महिला मण्डल व कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





No comments:
Post a Comment