Breaking News
recent

अवैध संबंधों के चलते हुई थी प्रौढ़ की हत्या

बिलाड़ा (जोधपुर). खेत में प्रौढ़ की धारदार हथियार से हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक के अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों के चलते एक युवक ने मौका पाकर उसकी हत्या कर दी और वहां से गांव चला गया। पुलिस ने युवक भोलाराम को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजन दुष्यंत ने हत्या के कारणों का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक खियाराम व आरोपी भोलाराम निकतवर्ती गांव उचियाडा के निवासी थे। मृतक के आरोपी की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। मृतक खियाराम ने उदलियावास में बेवा भंवरी देवी एवं गीता देवी का खेत बटाई पर ले रखा था।


वह वहीं रहकर खेती का काम संभालता था। जरूरत पडऩे पर वह आरोपी भोलाराम को खेती के काम हाथ बंटाने के लिए दिहाड़ी पर लाया करता था। हत्या 28 अक्टूबर की शाम को हुई उस दिन भी आरोपी भोलाराम मृतक के साथ खेत पर काम कर रहा था।

शाम को खियाराम ने अपने खेत से अपनी टीवीएस गाड़ी देकर भोलाराम को उसकी मजदूरी के 500 रुपए एवं उसके घर उसकी मां के लिए दूध पहुंचाने के लिए 20 रुपए देकर रवाना किया और खुद खेत पर ही रुक गया। अपनी पत्नी के साथ खियाराम के अवैध संबंध की बात उसे पता चल चुकी थी। बदला लेने के लिए वह मौके की तलाश में था।

उस दिन भोलाराम खियाराम की टीवीएस लेकर खेत के बाहर आया व थोड़ी देर बाद में वापस खेत लौटा, वहां पड़ी कूट (खेत में काम आने वाला औजार) लेकर खेत में काम कर रहे खियाराम के पीछे से उसकी गर्दन पर कूट से वार किया, जिस पर उसे मरा समझकर भोलाराम टीवीएस गाड़ी लेकर उचियाड़ा आ गया और खियाराम की मां को गाड़ी सौंपने के साथ दूध के लिए दिए 20 रुपए भी दे दिए।

पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के अनुसार खियाराम की हत्या के आरोप में भोलाराम पुत्र हुकमाराम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले के खुलासे में मुख्य भूमिका निभाने वाले पुलिस उप अधीक्षक सीपी पारीक, थाना प्रभारी राजीव भादू, सहायक निरीक्षक सज्जन सिंह, पुख सिंह राजपुरोहित, जस्साराम, सुरेंद्रसिंह, मनोज कुमार, शैतानराम, भरतकुमार, जगदीश, नवरत्न, संजयकुमार और भगतराम को पुरस्कार दिया जाएगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.