Breaking News
recent

झालरापाटन में लगा कार्तिक मैला , झुला चकरी से बढ रही रौनक

झालरापाटन. पशुपालन विभाग के तत्वावधान में आयोजित चन्द्रभागा कार्तिक मेले में मंगलवार को पशुओं की आवक शुरू होने के साथ ही बाजार में तेजी से दुकानें लगना शुरू हो गई हैं।
मेले में विभिन्न नस्ल के हजारों पशु अब तक आ चुके हैं और आना लगातार जारी है। अभी तक आए पशुओं में ऊंट व घोड़ों की संख्या सबसे अधिक है। मेला व्यापारिक स्तर पर 23 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होगा। दुकानदारों ने बताया कि कार्तिक स्नान के बाद से शुरू होकर मेला करीब डेढ़ माह तक चलेगा। मेले में कोट, कपड़ा, मनिहारी, मेन बाजार, चूड़ी, खादी भण्डार, हलवाई, लोहा, कसेरा व टेन्ट हाऊस बाजार में दुकानें लगना शुरू हो चुकी हैं। सरकारी विभागों की भी प्रदर्शनियां लगने लगी है। मनोरंजन के लिए झूला चकरी और मौत का कुआं लगे हैं। सार्वजनिक प्रकाश व पीने के पानी की व्यवस्था शुरू कर दी।
सरकारी स्तर पर 8 दिन तक व व्यापारिक रुप से डेढ़ माह तक चलने वाला चन्द्रभागा कार्तिक मेला जेब तराशों व समाज कंटकों के लिए भी बड़ा अवसर होता है। यही वजह है कि मेले की शुरूआत के साथ ही कोटा संभाग के अलावा राज्य के कई जिलों के जेब तराश यहां आ धमकते हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक आंनद शर्मा ने कहा कि मेले के साथ ही इन दिनों चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। इससे मेले में इस बार पुलिस बल अपेक्षित से कम तादाद में उपलब्ध रहेगा। इसके बावजूद व्यवस्थाओं व सुरक्षा को लेकर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने व्यापारियों व पशु पालकों से भी अपने स्तर पर पूरी तरह से सचेत रहने का सुझाव दिया है।
चन्द्रभागा नदी में मंगलवार को भी कई श्रद्धालुओं ने कार्तिक स्नान कर नदी में टाटियां प्रवाहित कर सूर्य को जल अघ्र्य चढ़ाया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए कार्तिक पूर्णिमा से पहले पवित्र स्नान के लिए बाहर से यहां आए हैं।
डॉग शो के लिए पंजीयन 23 तक
मेला अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि विभागीय स्तर पर 24 नवंबर सुबह 10 बजे मेला मैदान रंगमंच पर आयोजित डॉग शो में भाग लेने के लिए पप का 23 नवंबर तक पंजीयन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले डॉग्स की डिवर्मिंग और वेक्सीनेशन की जाएगी। विजेता पशु के पशुपालकों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार दिया जाएगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.