Breaking News
recent

भाजपा विधायक सिरसा ने राहुल गांधी और अमरिंदर सिंह से सिद्धू को पार्टी से बर्खास्‍त करने की मांग की

नई दिल्ली। पाक पीएम इमरान खान के निजी न्‍यौते पर दोबारा पाकिस्‍तान का दौरा करने वाले पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का मामल अब विवाद का विषय बन गया है। भाजपा ने उनके पाकिस्‍तान जाने से ज्‍यादा वहां पर खालिस्‍तान समर्थक आतंकी गोपाल सिंह चावला और अन्‍यों से मुलाकात के मामले को तूल देते हुए कार्रवाई की मांग की है। भाजपा के एक विधायक ने आरोप लगाया है कि सिद्धू ने राष्‍ट्रद्रोह जैसा काम किया है। उन्‍होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से सवाल किया कि क्या वे क्रिकेटर से राजनेता बने पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को बर्खास्त करेंगे। भाजपा विधायक ने कांग्रेस नेताओं से सिद्धू को उनके पाकिस्तान दौरे के दौरान खालिस्तान समर्थक गोपाल सिंह चावला के साथ एक तस्वीर में देखे जाने पर यह सवाल किया है।

माफी मांगें या कार्रवाई करें
भाजपा विधायक मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि जब भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को लेकर राहुल गांधी सवाल उठा सकते हैं और ग्रुप फोटो में मोदीजी की तस्वीर नीरव मोदी के साथ को राष्‍ट्रीय बहस का मुद्दा बना सकते हैं तो फिर अब वो इस मुद्दे पर चुप क्‍यों हैं। उन्होंने सवाल किया कि अब सिद्धू की तस्वीर पर उनका क्या कहना है। भाजपा विधायक ने कहा कि या तो राहुल गांधी को मोदीजी से माफी मांगनी चाहिए या सिद्धू को बर्खास्त करना चाहिए। सिरसा ने सिद्धू के साथ चावला की तस्वीर के साथ ट्वीट के माध्यम से पूछा है कि क्या कैप्टन साहब अपने गैरजिम्मेदार मंत्री को बर्खास्त करेंगे। आपको बता दें कि सिद्धू करतारपुर गलियारे के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान गए थे। यह गलियारा भारत में गुरुदासपुर स्थित डेरा बाबा नानक को करतारपुर गुरुद्वारे से जोड़ेगा। गुरु नानक देव करतारपुर में अपने जीवन के अंतिम 18 साल बिताए थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.