Breaking News
recent

बजरंगी के दर उमड़ा श्रद्धा सरोबार

मेहंदीपुर बालाजी. दीपोत्सव सम्पन्न होने के साथ ही आस्थाधाम बालाजी में फिर से श्रद्धालुओं का सैलाब उमडऩे लगा है। बालाजी महाराज के दर्शनार्थ उमड़ रही श्रद्धालुओं की बेतहाशा भीड़ से चहुंओर श्रद्धा सरोबार देखने को मिल रहा है।
दीपोत्सव के दौरान बालाजी में दूसरे प्रदेशों के लोगों की आवाजाही कम होने लगती है, वहीं स्थानीय ग्रामीण अंचल के लोगों का जमघट लगने लगता है। ऐसे में दीपोत्सव मनाने के बाद पुन: देशभर के श्रद्धालुओं ने मेहंदीपुर धाम की ओर रूख कर लिया है।
भाईदूज पूजन के बाद बड़ी तादात में श्रद्धालु शुक्रवार शाम से ही बालाजी पहुंचने लगे थे। जहां शनिवार सुबह हुई मंगला आरती में बेतहाशा भीड़ रही। मंगला आरती के दौरान मंदिर के सामने की सड़क पूरी खचाखच भरी हुई थी। इसके साथ ही उदयपुरा तिराहा, हिसार वाली गली व टोडाभीम रोड पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आरती के छींटे लेने के बाद श्रद्धालु हॉल में कतारबद्ध हो गए तथा कई घंटे इंतजार के बाद जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने स्वयंभू बालाजी महाराज, भैरवबाबा, प्रेतराज सरकार, सीताराम दरबार व समाधी वाले बाबा के दर्शन कर प्रसादी का भोग लगाया तथा खुशहाली की मंगल कामना की। सिद्धपीठ के महंत किशोरपुरी के सान्निध्य में बालाजी को छप्पनभोग की झांकी सजाई गई। सीताराम दरबार की मनमोहक झांकी भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी रही। श्रद्धालुओं ने सवामणी लगाकर प्रसादी का वितरण किया। भीड नियंत्रण के लिए मंदिर के गार्डों व पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पडी।
हाऊसफुल से परेशान
कई दिनों के अवकाश के कारण आई बड़ी तादात में उमडी श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते बालाजी में हाऊसफुल की स्थिति भी देखने को मिली। श्रद्धालुओं को अधिकांश धर्मशाला, गेस्ट हाऊस व विश्राम गृहों में कमरे नहीं मिले। दर्जनभर पार्किंग भी फुल होने के कारण बाजार व बस स्टैण्ड के पास सड़क किनारे सैकडों वाहन पार्किंग किए गए। ऐसे में स्टैण्ड के पास दिनभर जाम की स्थिति से जूझना पडा। हालांकि यातायातकर्मी व्यवस्था सुधारने के लिए मशक्कत करते नजर आए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.