Breaking News
recent

भाजपा में बगावत के तेवर तेज, सुमेरपुर के कार्यकर्ताओं ने जताया आक्रोश

पाली. भाजपा में टिकटों के बंटवारे के बाद बगावत और कार्यकर्ताओं में नाराजगी का दौर जारी है। टिकट कटने वाले नेताओं के समर्थक पार्टी पदाधिकारियों के समक्ष अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। जैतारण विधायक सुरेन्द्र गोयल पहली सूची जारी होते ही बगावत पर उतर आए। अब सुमेरपुर विधायक मदन राठौड़ का नाम सूची में नहीं होने से नाराज सुमेरपुर के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पार्टी जिलाध्यक्ष का घेराव कर बगावत का झंडा बुलंद करने की चेतावनी दे दी। भाजपा के जिला बूथ प्रभारी किशोर परमार, एससी मोर्चा के प्रेमचंद, गणपतसिंह, प्रेम बारहठ समेत कई कार्यकर्ता बुधवार को जिलाध्यक्ष करणसिंह नेतरा के यहां पहुंचे और मौजूदा विधायक मदन राठौड़ का नाम सूची में नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाध्यक्ष का घेराव करते हुए प्रदेश आलाकमान तक कार्यकर्ताओं की नाराजगी का संदेश पहुंचाने का आग्रह किया।

सुमेरपुर पर संशय बरकरार!

भाजपा की दूसरी सूची भी बुधवार रात जारी हो गई। इसमें जिले की एकमात्र सीट सुमेरपुर से कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया। सुमेरपुर से कौन होगा प्रत्याशी, इस पर कयास लगने शुरू हो गए हैं। माना जा रहा था कि मौजूदा विधायक का नाम दूसरी सूची शामिल हो सकता है, लेकिन इसमें भी नदारद होने से कई तरह के कयास लगने शुरू हो गए हैं। विधायक मदन राठौड़ सूची जारी होने के बाद पार्टी के कई पदाधिकारियों से मुलाकात कर चुके हैं। ये भी सामने आया है कि पार्टी के एक बड़े पदाधिकारी किसी अन्य के लिए पैरवी कर रहे हैं।
इसलिए राठौड़ का टिकट अटकाया गया है। पार्टी के कुछ पदाधिकारियों ने आलाकमान के समक्ष स्थानीय का मुद्दा भी उठाया था। एेसे में अब सुमेरपुर से भाजपा प्रत्याशी को लेकर संशय की स्थिति बन गई है।

 

कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
सुमेरपुर के कुछ कार्यकर्ता आए थे। उन्होंने मौजूदा विधायक का नाम सूची में नहीं होने पर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं की बात आलाकमान तक पहुंचा दी है। आगे का निर्णय आलाकमान ही करेंगे।
करणसिंह नेतरा, जिलाध्यक्ष, भाजपा


टिकट नहीं मिला तो छोड़ेंगे पार्टी
भाजपा नेता मदन राठौड़ का नाम सूची में शामिल नहीं होने पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। आज जिलाध्यक्ष के समक्ष विरोध भी प्रकट किया। मौजूदा विधायक ने सुमेरपुर में अच्छा काम किया है। एेसे व्यक्ति को पार्टी को टिकट देना चाहिए। यदि टिकट नहीं दिया तो हम सामूहिक रूप से पार्टी से त्याग पत्र देंगे।
किशोर परमार, बूथ प्रभारी



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.