झालावाड़.भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा गया है, लक्ष्य को अर्जित करने के उद्देश्य से सोमवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी रामजीवन मीणा की अध्यक्षता में पेट्रोल पम्प संचालकों व एलपीजी वितरकों के साथ बैठक का आयोजन उनके कार्यालय कक्ष में किया गया। बैठक में स्वीप प्रभारी ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार सभी पेट्रोल पम्प संचालक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने से संबंधित होर्डिग्स, बैनर इत्यादि पेट्रोल पम्प साईट्स पर लगाएंगे। इसके अतिरिक्त दुपहिया व चौपहिया वाहनों पर स्टीकर चिपकाकर 7 दिसम्बर को होने वाले विधानसभा चुनाव की अपील भी करें। उन्होंने सभी एलपीजी वितरकों से आग्रह किया कि वे भी एलपीजी उपभोक्ताओं को मतदान करने की अपील वाले स्टीकर सिलेण्डरों पर चिपकाकर ही देना सुनिश्चित करें।बैठक में जिला रसद अधिकारी मनीषा तिवारी, सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक गौरीशंकर मीना, राम पाटीदार, नितिश चौधरी, भूपेन्द्र जोशी, मेघराज लोधा आदि मौजूद थे।
प्रचार सामग्री परिवहन करने वाले वाहनों पर लगाएं परमिट
झालावाड़.आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उनसे संबंधित सभी मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर सम्पर्क सड़क का आवागमन सुगम होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वे 4 नवम्बर तक सभी बूथों का निरीक्षण कर सम्पर्क सड़क से संबंधित पेचवर्क, सड़क एवं पुल मरम्मत कार्य संबंधी सूचना सार्वजनिक निर्माण विभाग को भिजवाया जाना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त वे बिजली, पानी, छाया, रैम्प आदि की बेहतर व्यवस्थाएं करवाया जाना भी सुनिश्चित करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगर आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन के संबंध में कोई भी प्रकरण उनके समक्ष आता है तो उसे त्वरित गति से निस्तारित कर आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें। रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया कि आचार संहिता संबंधी शिकायतों की सूचना भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिदिन दें। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सावन कुमार चायल व जिला परिवहन अधिकारी भगवान कर्मचन्दानी को निर्देशित किया कि वे चुनाव अवधि में सभी राजनैतिक पार्टियों एवं उम्मीदवारों द्वारा चुनाव प्रचार-प्रसार सामग्री के उपयोग में लाए जा रहे वाहनों के लिए भिन्न-भिन्न रंग के परमिट जारी किए गए हैं। उक्त परमिट संबंधित वाहन के सहज दृश्य विण्ड स्क्रीन पर चिपकाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एकरूपता बनाए रखने के लिए इनका रंग व आकार भी तय किया गया है। धारा 77 (1) के अन्तर्गत स्टार प्रचारक के चुनाव प्रचार वाहन के लिए उपयोग में लाए जाने वाली परमिट का रंग लाल होगा। वहीं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के राज्य स्तरीय पदाधिकारी के चुनाव प्रचार के उपयोग में लाए जाने वाले वाहन के परमिट का रंग बैंगनी, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के राज्य स्तरीय पदाधिकारी की चुनाव प्रचार सामग्री के वितरण के लिए उपयोग में लाए जाने वाले वाहन के परमिट का रंग सफेद होगा। इनका परमिट मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिया जाएगा। वहीं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के जिला स्तरीय पदाधिकारी के चुनाव प्रचार के काम में आने वाले वाहन के परमिट का रंग नीला होगा तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के जिला स्तरीय पदाधिकारी के चुनाव प्रचार सामग्री के वितरण के उपयोग में लाए जाने वाले वाहन के परमिट का रंग भूरा होगा। इन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी किया जाएगा। चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थी एवं उनके कार्यकर्ता द्वारा चुनाव प्रचार-प्रसार अवधि के दौरान उपयोग में लाए जाने वाले वाहन परमिट का रंग हरा होगा तथा चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थी, निर्वाचन अभिकर्ता एवं उनके कार्यकर्ता द्वारा मतदान दिवस 7 दिसम्बर को उपयोग में लाए जाने वाले वाहन के परमिट का रंग पीला होगा। उक्त दोनों परमिट को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा जारी किया जाएगा। सभी परमिटों का आकार 9 गुणा 6 इंच होगा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचरण शर्मा, जिला रसद अधिकारी मनीषा तिवारी आदि मौजूद थे।
बाइक ऑटो भिडंत में तीन घायल
झालावाड़.शहर के निकट कालीसिंध पुलिया पर सोमवार शाम के समय बाइक ऑटो भिडंत में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार से आ रही बाइक और ऑटो की पुलिया पर भिडं़त हो गई। इसमें बाइक सवार चारणखेड़ी निवासी रामप्रसाद पुत्र केदार व चांदखेड़ी निवासी सुनील पुत्र प्रेमचन्द तथा मंडावर निवासी ऑटो चालक शौकत अली घायल हो गए। तीनों का एसआरजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।





No comments:
Post a Comment