भीलवाड़ा।
सोशल मीडिया पर गलत टिप्पणी को लेकर बुधवार दोपहर जिला भाजपा कार्यालय में दो कार्यकर्ता भिड़ गए। इनके बीच मारपीट हो गई। शाम को दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया, लेकिन झगड़े का वीडियो वायरल कर देने से एक कार्यकर्ता ने सुभाषनगर थाने में रात में मारपीट की रिपोर्ट दी।
जानकारी के अनुसार थाने पर दी रिपोर्ट में ओम सांईराम ने बताया कि सोशल मीडिया पर पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं करने के लिए रक्षित मेहता को समझाया। उसने चरित्र को लेकर गलत टिप्पणी की थी। इसे लेकर दोनों में बहस के बाद दोनों गुत्थम-गुत्था हो गए। वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव किया। किसी ने घटनाक्रम का मोबाइल पर वीडियो बना लिया।
बाद में दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से आहत ओम सांईराम रात में सुभाषनगर थाने पहुंचे और रक्षित के खिलाफ रिपोर्ट थाने पर दी। रिपोर्ट में मारपीट करने और जेब से छह हजार रुपए गिर जाने का आरोप लगाया। उधर, इसकी शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड को भी की गई।





No comments:
Post a Comment