दौसा ग्रामीण. कुण्डल . एक ओर तो सरकार की ओर से बच्चों एवं गर्भवती धात्री महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए करोड़ो रुपए खर्च कर आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पोषाहार वितरित किया जा रहा है, लेकिन विभागीय अनदेखी के कारण इन केन्द्रोंं पर पोषाहार की साप्ताहिक होने वाली सप्लाई भी समय पर नहीं हो पा रही है। ऐसे में कई जगहों पर तो कागजों में ही पोषाहार वितरण का खेल चल रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कुण्डल के राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र पर गुरुवार करीब 11 बजे तक भी पोषाहार नहीं पहुंच सका। इससे कई महिलाओं को बिना पोषाहार लिए ही वापस लौटना पड़ा। इस पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य कमलकांत शर्मा ने आंगनबाड़ी केन्द्र की जांच की तो उपस्थित कार्मिक ने पोषाहार नहीं आने की बात कही।
वहीं वितरण रजिस्टर मांगने पर रजिस्टर भर जाने की बात बताई गई। इस पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य की ओर से उपस्थिति रजिस्टर में ही पोषाहार नहीं आने एवं वितरण नहीं होने के बारे में नोट डाल दिया गया।
इसी तरह ग्राम पंचायत कालोता के निमाली क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र पर भी
गुरुवार को पोषाहार की सप्लाई समय पर नहीं हुई।
जांच के लिए पहुंचे कार्यवाहक प्रधानाध्यापक राजेन्द्र को भी रजिस्टर ही नहीं होने की बात सहायिका और सहयोगिनी द्वारा बताई गई। इस पर प्रधानाध्यापक ने रजिस्टर केन्द्र पर ही रखने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर प्रतिवर्ष हजारों कुपोषित बच्चों का पंजीयन होता है। वहीं गर्भवती महिलाओं को प्रत्येक गुरुवार को पोषाहार वितरित किया जाता है, लेकिन समय पर सप्लाई नहीं होने के कारण कई बार महिलाएं इससे वंचित रह जाती हैं।
रजिस्टर में कर देते है एन्ट्री
ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को बिना पोषाहार वितरित किए ही रजिस्टर में एन्ट्री कर दी जाती है। इससे लाभार्थियों को सरकारी योजना के लाभ से वंचित होना पड़ता है। ऐसे में यहां आने वाले लोगों के हस्ताक्षर का मिलान कर जांच की जाए तो मामले की पोल खुल सकती है।
एबीवीपी ने सौंपे दायित्व
दौसा ग्रामीण . अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर बैठक एवीएम ब्रह्मपुरी में आयोजित की गई। इस दौरान नगर मंत्री हितेश जांगिड़ ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों व कार्यकारिणी विस्तार पर चर्चा कर नवीन दायित्वों की घोषणा की गई।
एसएफडी प्रकोष्ठ नगर संयोजक नवीन पाराशर व सह संयोजक हिमांशु जांगिड़ व अभिषेक शर्मा, सदस्य सियाराम मीना, थिंक इंडिया प्रकोष्ठ नगर संयोजक रिंकू गुर्जर, सह संयोजक राकेश डोई व नरसी पोसवाल, सदस्य वीरेन्द्र डोई व नरेन्द्र मिरोठा, मेडिविजन प्रकोष्ठ नगर संयोजक विवेक शर्मा व सह संयोजक रामकेश मीना तथा सदस्य त्रिलोक सैनी को मनोनीत किया गया।





No comments:
Post a Comment