पेपर आउट प्रकरण की एसओजी से जाँच कराने की माँग
- द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती मामला, राज्यपाल के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बाड़मेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा का हिंदी विषय का पेपर आउट होने एवं अन्य सभी परीक्षाओं की जाँच एसओजी से कराने की माँग को लेकर अभ्यर्थियों ने सोमवार को राज्यपाल के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि आरपीएससी एवं प्रशासन का दायित्व है कि परीक्षा का आयोजन निष्पक्ष होना चाहिए। यदि कोई इसका अनुचित लाभ उठाते हैं तो यह मेहनत करने वालों के साथ अन्याय है। बाड़मेर में हिंदी प्रश्न-पत्र परीक्षा अवधि में ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसका अनुचित फायदा ज्यादा अभ्यर्थियों को मिलने का अंदेशा है।
अन्य पेपर भी संदेह के घेरे में:-
ज्ञापन देने से पूर्व अभ्यर्थियों ने महावीर पार्क में बैठक की। इसमें चर्चा करते हुए अभ्यर्थी अमरा राम ने कहा कि हिंदी का पेपर आउट होने की घटना आरोपितों की गलती के कारण हुई है। ऐसे में अंदेशा यह भी है कि हिंदी सहित दोनों ग्रुप के सामान्य ज्ञान के पेपर और सामाजिक विज्ञान, गणित, संस्कृत, विज्ञान, अंग्रेजी आदि विषयों के प्रश्न-पत्र भी आउट किए गए हैं। इसलिए एसओजी से सभी विषयों के पेपर की जाँच कार्रवाई जानी चाहिए।
कार्रवाई नहीं हुई तो लेंगे कोर्ट का सहारा:-
अभ्यर्थी प्रह्लाद राम ने कहा कि जिला प्रशासन ने उचित कार्रवाई करते हुए आयोग को पेपर आउट की रिपोर्ट नहीं भेजी तो अभ्यर्थी इस अन्याय के खिलाफ हाईकोर्ट की शरण लेंगे। इस दौरान अचलाराम, किशनाराम, रामाराम, पदमाराम, भगवानसिंह, ठाकराराम, स्वरूप पुरी, निम्बाराम, मांगीलाल, मुकेश कुमार, कुम्भाराम, ताजेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।





No comments:
Post a Comment