कोटा.
जिले में यूरिया खाद की किल्लत बरकरार है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की कतार कम होने का नाम ही नहीं ले रही। शनिवार को चेचट, सांगोद, सीमलिया समेत कई स्थानों खाद वितरण किया गया लेकिन किसानों को हल्की राहत ही मिली। सांगोद में क्रय-विक्रय सहकारी समिति में आधारकार्ड देखकर 1200 कट्टे बांटे गए वहीं चेचट में डीलर के यहां एक हजार कट्टे यूरिया खाद बांटा गया। सीमलिया में 1537 सौ कट्टे यूरिया किसानों के हाथ लगा।
चेचट में तीन घंटे में खप गया दो ट्रक यूरिया
चेचट. कस्बे में लगातार दूसरे दिन पुलिस सुरक्षा में नायब तहसील कार्यालय से यूरिया खाद का वितरण किया गया। यहां दो दिन से दो-दो ट्रक यूरिया खाद का वितरण हो रहा है फिर भी किसानों की कतार कम नहीं हो रही है।
शनिवार को भी एक डीलर के यहां दो ट्रक यूरिया आया। अटल सेवा केन्द्र पर किसानों को टोकन बंटे और तीन-तीन कट्टे खाद दिया गया। दोनों ट्रक यूरिया तीन घण्टे में बिक गया। शनिवार को डीलर के यहां एक हजार कट्टे यूरिया की आपूर्ति हुई थी। अटल सेवा केन्द्र पर लम्बी कतार में किसानों को तीन-तीन कट्टे के टोकन मिले। फिर नायब तहसील परिसर खड़े ट्रकों से खाद का वितरण किया गया। कस्बे में बीस दिन में अब तक पांच हजार कट्टे यूरिया खाद की आपूर्ति हो चुकी है। दो दिन से लगातार दो-दो ट्रक यूरिया का वितरण हो रहा लेकिन किसानों की मांग पूरी नहीं हो पा रही है। चार दिन पहले डीलर के यहां हंगामा होने और सड़क पर जाम लगने के बाद से खाद वितरण पुलिस थाने के सामने स्थित नायब तहसील कार्यालय से ही किया जा रहा है।
सारा काम छोड़ भटक रहे किसान
किल्लत के चलते क्षेत्र के किसान सारा काम छोड़कर दिनभर खाद के लिए भटक रहे हैं। खाद विक्रेता ओम प्रकाश प्रजापत ने बताया कि अब कस्बे में रोजाना यूरिया की आपूर्ति हो रही है। एक दो दिन में किसानों की मांग पूरी हो जाएगी।
सीमलिया में 1537 कट्टे वितरित
सीमलिया. क्षेत्र में यूरिया की किल्लत से परेशान किसानों ने शनिवार को यूरिया खाद की रैक आने से थोड़ी राहत महसूस की। ग्राम सेवा सहकारी समिति में 800 बैग व तिलम संघ में 735 बैग यूरिया आया। सहकारी समिति सचिव पवन गोचर व तिलम संघ सचिव रामकल्याण सुमन ने बताया कि प्रत्येक किसान को आधार कार्ड से पांच-पांच कट्टे यूरिया खाद के वितरण कर दिए हैं। आने वाले दिनों में और यूरिया की गाडिय़ां आ रही हैं। इसके बाद सभी किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार यूरिया खाद उपलब्ध हो जाने की उम्मीद है।
सांगोद में धरती पुत्रों को मिली थोड़ी सी राहत
सांगोद. बीते एक सप्ताह से अधिक समय से यूरिया को तरस रहे किसानों को शनिवार को यूरिया की किल्लत से थोड़ी राहत मिली। यहां क्रय-विक्रय सहकारी समिति में शनिवार से यूरिया का वितरण किया गया।
प्रत्येक किसान को पांच कट्टे यूरिया वितरित किया गया। हालांकि इसके लिए किसानों को घंटों कतारों में लगना पड़ा। यूरिया मिलने के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आई। उल्लेखनीय है कि सांगोद क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से यूरिया की किल्लत ने किसानों की नींद उड़ा रखी है। गेहूं की बुवाई व सिंचाई के साथ किसानों को यूरिया की जरूरत है लेकिन मांग के अनुरूप यूरिया किसानों को कहीं भी नहीं मिल रहा था। यूरिया किल्लत में फंसा किसान दर-दर की ठोकरें को खाने को मजबूर था। शुक्रवार को यहां क्रय-विक्रय सहकारी समिति में तीन ट्रक में 1200 कट्टे यूरिया खाद आया था।





No comments:
Post a Comment