श्रीगंगानगर। विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं से उनकी पीड़ा और सकारात्मक सोच का फीडबैक लेने के लिए भाजपा का स्नेह मिलन कार्यक्रम शनिवार को यहां श्रीपैलेस मैरिज पैलेस में आयोजित किया गया।
इस पैलेस में कोई मंच और माइक की व्यवस्था नहीं थी। इस कार्यक्रम पर भी विधानसभा चुनाव की आचार संहिता का असर इतना था कि मंच और मुख्य अतिथि तक नहीं बनाए गए। पार्टी की टिकट मांगने वाले कई दावेदार नजर नहीं आए, हालांकि कुछ दावेदार जरूर वहां आकर अपनी बात शेयर शायरी के माध्यम से कह रहे थे।
भाषणबाजी इस कार्यक्रम में नजर नहीं आई। ंजिलाध्यक्ष हरीसिंह कामरा की अगुवाई में इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने हिन्दी फिल्मी गीत सुनाकर माहौल को मनोरंजन के रूप में तब्दील किया। वहीं भाजपा महिला मोर्चा नगर मंडल पश्चिम की अघ्यक्ष पुष्पादेवी सिडाना फुटेला ने पंजाबी लोक गीत के माध्यम से नए प्रत्याशी की नई जिम्मेदारियों का अहसास कराया।
भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजकुमार सोनी ने जोशीले देशभक्ति गीतों से अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। आईटी सैल के संयोजक क्रांति चुघ का कहना था कि यह कार्यक्रम दीपावली स्नेह मिलन के उपलक्ष में था, इस कारण माइक और मंच से परहेज किया गया था। इस मौके पर पूर्व पार्षद जुगल डूमरा, पूर्व जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह सोढी, राजन तनेजा, सुरेन्द्र भांभू, सीमा चौहान, किरण, यूआईटी अध्यक्ष संजय महिपाल, नगर परिषद उपसभापति अजय दावड़ा, पंजाबी भाषा अकादमी के अध्यक्ष रवि सेतिया, नगर मंडल अध्यक्षों प्रदीप धेरड़ और अमित चलाना, मीडिया प्रभारी पवन शर्मा आदि मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment