सवाईमाधोपुर. रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान में पार्क भ्रमण के दौरान नियमों की अवेहलना करने वाले वाहन चालकों पर अब वन विभाग ने नकेल कसना शुरू कर दिया है। विभाग की ओर रणथम्भौर में कागजात पूरे नहीं होने के कारण हाल ही में सौ से अधिक वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। वन अधिकारियों का कहना है वाहनों के कागजात पूरे होने के बाद वाहनों को पार्क में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
एक सौ दस वाहन किए प्रतिबंधित
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कागजात की कमी के कारण 110 पर्यटन वाहनों को प्रतिबंधित किया गया था इनमें से 25 जिप्सी व 85 कैंटर हैं।
इसलिए लगाया प्रतिबंध
विभाग की ओर से पंजीयन के समय वाहन मालिकों से वाहनों के पूरे कागजात प्रस्तुत किए थे। एक अक्टूबर तक जो वाहन मालिक कागजात पेश नहीं कर पाए थे उन्हे दस अक्टूबर तक का समय दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी वाहन मालिकों ने कागजात पेश नहीं किए। ऐसे में विभाग ने वाहनों का पार्क में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया।
पूर्व में भी लगाया था प्रतिबंध
वन विभाग की ओर से गत दिनों भी कागजात की कमी के कारण 25 जिप्सियों पर प्रतिबंध लगाया था। लेकिन बाद में जिप्सियों को पार्क में प्रवेश की अनुमति दे दी थी। लेकिन अब एक बार फिर से कागजात की कमी के कारण वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इससे पूर्व फरवरी मराह में शूटर हीना सिद्धू के पार्क भ्रमण के दौरान अनियमितता को लेकर भी जिप्सियों को प्रतिबंधित किया गया था।
दस वाहनों को दी अनुमति
विभाग की ओर से प्रतिबंधित किए गए वाहनों में से दस पर्यटन वाहनों को पूरे कागाजात पेश करने के बाद उनपर से प्रतिबंध हटा लिया गया है और उन्हें पार्क में प्रवेश की अनुमति जारी कर दी गई है। विभाग की माने तो कागजात पूरे होने के बाद सभी वाहनों को प्रवेश की अनुमति दे दी जाएगी।
यह कमी पाई गई वाहनों में
वन अधिकारियों ने बताया कि वाहनों के कागजात की जांच के दौरान प्रतिबंधित किए गए अधिकतर वाहनों के प्रदुषण प्रमाण पत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट, आरसी के साथ बैंक डिटेल का मिलान नहीें होना, आईएफसी कोड नहीं होना, पैन कार्ड नहीं होना, बीमा नहीें होने,कागजात में चालक की फोटो नहीं होने आदि कई कमियों के चलते वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। वहीं कई वाहनों के जीपीएस भी बंद मिले थे।
कई बार दिए नोटिस
इस संबंध में वन अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को कागजात पेश करने के लिए अब तक तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इस संबंध में विभाग की ओर से समय सीमा भी निर्धारित की गई थी। शिल्पग्राम स्थित बुकिंग विण्डो पर सूचना भी चस्पां की गई लेकिन इसके बाद भी वाहन मालिकों ने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए।
इनका कहना है....
वाहनों के कागजात पूर्ण करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए। लेकिन इसके बाद भी वाहन चालकों ने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए। ऐसे में वाहनोंं को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
- अजीत सक्सेना,उपवन संरक्षक(पर्यटन) रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाईमाधोपुर।





No comments:
Post a Comment