प्रतापगढ़.
प्रतापगढ़ के अलावा यदि किसी अन्य शहर में दिन में तीन चार बार बिजली गुल हो जाए तो लोग आपस में यह चर्चा करते हैं कि क्या बात है आज बिजली बहुत जा रही है लेकिन बात यदि प्रतापगढ़ की हो और यहां किसी दिन बिजली गुल नहीं हो तो लोग यह कहते दिखाई देते हैं कि क्या बात है आज बिजली नहीं गई। दरअसल शहर सहित जिलेभर में लम्बे समय से दिन में कई बार बिजली गुल आम बात हो गई है। यहां कभी भी बिजली गुल हो जाती है जिसके आने का कोई ठिकाना नहीं रहता। ऐसे में उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शुक्रवार को दो-तीन बार बिजली गुल
प्रतापगढ़ शहर में शुक्रवार को भी दो-तीन बार बिजली गुल रही। यहां दोपहर करीब एक बजे बाद दो-तीन बार बिजली गुल हुई। जिसके चलते उपभोक्ताओं को करीब चार घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। जिससे जहां उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा वहीं उनके कामकाज भी बाधित रहे। दीपावली का पर्व नजदीक है बावजूद इसके दिन में कई बार बिजली गुल रहना लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।
ओवरलोड बता रहे कारण
बिजली गुल होने के मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड और तकनीकी समस्या तथा फाल्ट के कारण बिजली गुल हो जाती है। सुधार के लिए शटडाउन लेना पड़ता है। जिसके कारण बिजली बंद करनी पड़ती है। शुक्रवार को भी ट्रांसफॉर्मर में फाल्ट के कारण बिजली गुल होने की समस्या आई।
रखरखाव का फायदा नहीं
विद्युत आपूर्ति में व्यवधान नहीं होने को लेकर विद्युत निगम की ओर से कई बार शटडाउन लेकर विद्युत आपूर्ति में सुधार की बात कही जाती रहती है लेकिन वह कारगर साबित होती नजर नहीं आ रही। इसके चलते विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के हाल-बेहाल हैं। असमय घंटों बिजली गुल ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है।
यहां ज्यादा परेशानी
बिजली की लाइनों में फाल्ट की समस्या ग्रामीण इलाकों में ज्यादा परेशानी का सबब बन रही है। जिला व उपखण्ड मुख्यालय में तो फिर भी फाल्ट आदि की स्थिति में बिजली विभाग की ओर से थोड़ी जल्दी कार्रवाई हो जाती है लेकिन गांवों में हालात विकट रुप धारण कर लेते हैं। आलम यह है की कई बार घंटों तक गांव अंधेरे में डूबे रहते हैं। ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया जाता और ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यह आती है समस्या
बिजली कटौती का समय निर्धारित होने के कारण लोग इसके अनुसार अपनी व्यवस्था कर लेते हैं, लेकिन असमय बिजली गुल लोगों की परेशानी काफी बढ़ा देती है और लोगों के जरुरी कार्य प्रभावित होते हैं। दुकानदारों की ग्राहकी पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है वहीं बिजली आधारित उद्योग धंधों का कार्य भी बाधित होता है। गृहणियों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो रात के समय बिजली गुल से जहरीले जीव-जन्तुओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
...........................
फाल्ट के कारण आती समस्या
ओवरलोड के कारण ट्रांसफॉमर्स में फाल्ट की समस्या आ जाती है। जिसके सुधार के लिए शटडाउन लेना पड़ता है। कभी-कभार ही यह समस्या आती है बाकी बिजली व्यवस्था सुचारू चल रही है।
आई आर मीणा, अधीक्षण अभियंता, अविविनिलि, प्रतापगढ़





No comments:
Post a Comment