Breaking News
recent

सीमा पार से चुनाव के मौके पर खुराफात की आशंका,बॉर्डर पर बढाई निगरानी,जानिए पूरी खबर

जैसलमेर. राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीमाओं की रखवाली करने वाले सीमा सुरक्षा बल ने जैसलमेर सहित राजस्थान के अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से सटे जिलों में निगरानी बढ़ा दी है। सीसुब के जवान तारबंदी से सटे क्षेत्र के अलावा सीमा के नजदीकी गांवों में भी कड़ी चौकसी बरत रहे हैं। इन गांवों-ढाणियों में रहवासियों के अलावा आने-जाने वाले लोगों तथा सरकारी-गैर सरकारी कार्यों पर जुटे बाहरी मजदूरों तक पर सीसुब की नजर है। सीसुब के जवान इन गांवों के बाशिंदों और मौजिज लोगों के साथ लगातार सम्पर्क बनाए हुए है। दरअसल, चुनावों के दौरान सीमावर्ती शहरों में अत्यंत महत्वपूर्ण और उच्च सुरक्षा प्राप्त नेताओं के चुनाव प्रचार के सिलसिले में आने तथा अन्य कारणों से पाकिस्तान से सटी राजस्थान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर है। गौरतलब है कि चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य वीवीआईपी सीमाई जिलों में पहुंचने से किसी भी प्रकार की आतंकी वारदातों का खतरा टालने और आतंकी मूसा के पंजाब और राजस्थान के सीमा क्षेत्र में होने की आशंकाओं को दृष्टिगत रखते हुए यह अलर्ट जारी किया गया है। सरहदी जिलों के कई गांव सीमा पर हैं जहां 7 दिसम्बर को मतदान होना है।
सीसुब ने रिपोर्ट में खुलासा किया
-गत दिनों सीमा सुरक्षा बल ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को सीमा सुरक्षा से संबंधित एक रिपोर्ट सौंपी है।
-रिपोर्ट में पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में भारत विरोधी गतिविधियों में बढ़ोतरी से जुड़ी जानकारियां दी गई है।

तीन राजनीतिक हस्तियां आएगी
-पोकरण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार और मंगलवार को जैसलमेर में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथसिंह जनसभा को सम्बोधित करने के लिए आने वाले हैं।

यह किए जा रहे इंतजाम
-पाकिस्तान से लगती प्रदेश के चार जिलों की सीमा पर अलर्ट जारी करने के साथ सीसुब ने सीमा की चौकियों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की है।
-सीमा पार चल रही गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ उसकी रिपोर्टिंग बढ़ाई है।
-नफरी में 10 से 15 प्रतिशत की गई है बढ़ोतरी
-तारबंदी के समीप प्रशिक्षित ऊंटों के अलावा जीनॉन गाडिय़ों से पेट्रोलिंग की जा रही है।
-इसी तरह सीसुब ने सीमा पर लगी तारबंदी पर विशेष उपकरण लगाए हैं।
-अर्ली वार्निंग सिस्टम की संख्या में इजाफा किया गया है।

फैक्ट फाइल
- 3 वर्ष पहले केंद्र सरकार ने सीसुब को मुहैया कराए थे सैंड स्कूटर
-2 सैंड स्कूटर प्रायोगिक तौर पर दिए गए थे जैसलमेर के दक्षिणी सेक्टर को
-3 सरहदी क्षेत्रों शाहगढ़, धनाना, मुरार में ऊंचे धोरों पर चौकसी कर रहे हैं स्कूटर
-40 लाख रुपए के करीब कीमत आंकी गई है प्रति स्कूटर की
-470 किलोमीटर लम्बी है पाक से सटी सीमा
-02 सेक्टरों में विभक्त है सीमा सुरक्षा बल
-3500 जवान सीमा क्षेत्र में तैनात
-48 करोड़ रुपए पेयजल के लिए मंजूर

पूरी तरह से मुस्तैद है सीसुब
राज्य विधानसभा अथवा लोकसभा चुनावों के समय सीमा सुरक्षा बल अतिरिक्त सावधानी बरतता है। वैसे सीसुब हर समय मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी करता है। जरूरत के मुताबिक नफरी तैनात की गई है।
-एमएस राठौड़, डीआइजी, राजस्थान फ्रंटियर, जोधपुर

कर रहे सतत निगरानी
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला पुलिस की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जिले भर में सतत निगरानी व्यवस्था की गई है। सीसुब सीमावर्ती क्षेत्रों में अलर्ट पर है।
-जगदीशचंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.