कोटा. दीप महोत्सव की एक सप्ताह से चल रही खरीदारी का दौर सोमवार को धनतेरस पर परवान पर रहा। खरीदारों से दिनभर बाजार गुलजार रहे। बाजारों में खरीदारी की भारी भीड़ के कारण दोपहर तक तो बाजार जाम हो गए। बड़े शोरूम से लेकर फुटपाथ पर सजी दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने शुभ मुहूर्त में जरूरतों के हिसाब से उत्पाद खरीदे। व्यापारियों का कहना है कि धनतेरस पर उम्मीद से ज्यादा खरीदारी हुई। शहर के इन्द्रा मार्केट, गुमानपुरा, अग्रसेन बाजार, बजाज खाना, बर्तन बाजार, स्वर्ण रजत मार्केट, न्यू क्लॉथ मार्केट, पुरानी धानमंडी, गुमानपुरा केनाल रोड, कोटड़ी बाजार, शॉपिंग सेंटर, फर्नीचर मार्केट, घोड़े वाले बाबा चौराहा के आसपास के शोरूमों पर दिनभर खरीदारी का दौर चलता रहा। इसके अलावा स्टेशन क्षेत्र, विज्ञान नगर, महावीर नगर, केशवपुरा, छावनी मार्केट में भी दिनभर भीड़ रही। रेडीमेट गारमेंट, मिठाइयां, सूखे मेवे, गिफ्ट आइटम, फर्नीचर, सजावटी उत्पाद, क्रॉकरी आइटमों की जमकर बिक्री हुई। विभिन्न व्यापार संघों से बातचीत पर मोटे तौर पर एक ही दिन में करीब तीन सौ करोड़ के व्यापार का अनुमान है। सबसे बड़ी खरीदारी ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट में हुई।
धनतेरस पर की जमकर खरीदारी ...देखिए तस्वीरें
कम पड़ गया स्टॉक
ऑटोमोबाइल शोरूमों पर दिनभर खरीदारी का विशेष जोर रहा। ज्यादातर ग्राहकों ने कारों की अग्रिम बुकिंग करवा ली थी और धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर डिलीवरी ली। शोरूमों पर दिनभर उत्सव का माहौल रहा। कई कम्पनियों के शोरूम पर तो शाम तक स्टॉक खत्म हो गए। १८०० कारों की एडवांस बुकिंग की गई थी। मोटरसाइकिल व स्कूटरों की बिक्री के लिए कई कम्पनियों ने ऑफर भी दिए थे। भारी वाहनों की भी पांच करोड़ की बिक्री हुई है।
आभूषणों की जमकर खरीदारी
धनतेरस पर ज्वैलरी आभूषण शोरूमों पर भी खरीदारी का खास जोर रहा। महिलाओं ने अपनी-अपनी पसंद के आभूषण खरीदे। सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा डायमण्ड ज्वैलरी खरीदने में भी महिलाओं का रूझान देखा गया। सर्राफा व्यवसायियों के अनुसार, इस बार कम वजन वाले आभूषणों की मांग ज्यादा रही। महिलाओं ने चांदी की पायल, बिछिया आदि खरीदी। कई लोगों ने शगुन के तौर पर चांदी के सिक्के भी खरीदे। सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक करीब १५ करोड़ की ज्वैलरी का कारोबार हुआ है।
इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की धूम
इलेक्ट्रॉनिक शोरूमों पर भी दिनभर उपभोक्ता नजर आए। व्यवसायियों के अनुसार, इस महापर्व पर फ्रिज, एलईडी, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव ओवन व अन्य उत्पादों की ज्यादा बिक्री हुई। दिवाली ऑफर के चलते सावों की खरीदारी का भी जोर रहा। अगले महीने जिन परिवारों में शादी है उन्होंने ऑफर के तहत इलेक्ट्रोनिक उत्पादों की अभी से खरीदारी कर ली।
खूब बिके बर्तन
धनतेरस पर शगुन के तौर पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इस कारण बर्तन बाजार में दुकानों पर दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। यहां जाम की स्थिति बनी रही। व्यापारियों के अनुसार, स्टील, स्टेनलेस स्टील, पीतल, तांबा के बर्तनों की मांग ज्यादा रही। बर्तन बाजार में खासी भीड़ देखी गई।
रियल एस्टेट की बल्ले-बल्ले
धनतेरस के पावन पर्व पर रियल एस्टेट में भी बूम देखा गया। लोगों ने फ्लैट बुक करवाने के साथ ही गृह प्रवेश भी किया। शहर में करीब ७० फ्लैट की बुकिंग का अनुमान है।





No comments:
Post a Comment