Breaking News
recent

VIDEO एक साथ चार वाहन चालकों के पास मिली फर्जी रसीद, राजस्व का नुकसान, परिवहन विभाग की कार्रवाई के बावजूद बेखौफ चल रहे निजी काउंटर

आबूरोड. आबूरोड-पालनपुर मार्ग पर एक निजी टैक्स काउंटर संचालक के चार वाहनों को एक साथ फर्जी रसीद थमाने व टैक्स राशि सरकार को नहीं जमा करवाने का मामला सामने आया है। परिवहन विभाग के चारों वाहनों की जांच के दौरान उन्हें दी रसीद की जांच करने पर फर्जी रसीद पाए जाने पर मामले की जानकारी हुई। शुक्रवार को चारों वाहन मालिक कार्यालय पहुंचे और जुर्माना राशि जमा करवाने की कार्रवाई की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार जामनगर निवासी बुदुभाई पुत्र नूर मोहम्मद भाई, राजकोट निवासी अमीन गोदिया, कसीमाबाद निवासी सचिन चौहान एवं राजकोट निवासी सोहे भाईपुत्र मोहम्मद भाई ने 28 अक्टूबर को पालनपुर मार्ग पर गुजरात सीमा स्थित टैक्स काउंटर से अपने चौपहिया वाहनों का टैक्स जमा करवाया। जिस पर संचालक ने उन्हे टैक्स जमा होने की रसीद थमाई। इसके बाद वाहनों के राजस्थान सीमा मेंआने पर परिवहन निरीक्षक पारस गहलोत मय टीम ने वाहन रुकवाकर जांच की तो चारों रसीदों को ऑनलाइन चैक किया तो रसीद फर्जी होना पाया गया। इस पर वाहनों के दस्तावेज जब्त कर मालिकों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की गई।

ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से बनाती हैं हूबहू रसीद
गुजरात व राजस्थान सीमा में टैक्स जमा करने के लिए कई अनाधिकृत काउंटर खोल दिए गए हैं जो ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से विभाग की रसीद की हूबहू रसीद बनाकर टैक्स जमा करवाने आने वालों को थमा देते हैं। जिसके बाद चालक को लगता है कि टैक्स जमा हो गया है, जबकि राज्य सरकार को यह टैक्स जमा ही नहीं किया जाता है। ऐसे में ये काउंटर सरकार को लाखों के राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे हैं। वाहनचालकों को आकर्षित करने के लिए फोरलेन पर जगह-जगह बड़े-बड़े बोर्ड लगाए गए हैं।

पूर्व में भी सामने आ चुके हैं मामले
गौरतलब है कि पूर्व में भी परिवहन विभाग ऐसे कई मामले पकड़ चुका है, जिसमें वाहन चालकों को फर्जी रसीद थमाकर टैक्स जमा नहीं किया जाता है। इससे पूर्व भी प्रशासन के सामने तीन मामले आ चुके हैं। जिनमें वाहनचालकों से टैक्स राशि वसूल कर ऑनलाइन रसीद थमा दी गई। जिसके बाद में विभागीय अधिकारी के जांच करने पर रसीद फर्जी होना पाया गया। गत 28 मार्च को कलोल (गांधीनगर) निवासी भीखाराम ठाकुर को रोकने पर उनके द्वारा बताई गई रसीद फर्जी पाई गई थी। प्रार्थी ने अमीरगढ़ चैकपोस्ट के पास स्थित काउंटर पर टैक्स जमा करवाया था। बाद में पीडि़त के गुजरात पुलिस को शिकायत करने पर दूसरे ही दिन काउंटर संचालक का सामान जब्त कर लिया गया था। इससे पूर्व 24 मार्च को भी बारडोली सूरत निवासी मेहुल भाई मकवाना के सियावा स्थित काउंटर पर जमा करवाए गए टैक्स की रसीद फर्जी पाई गई थी।

व्यक्तिगत उपयोग के लिए ऑनलाइन पोर्टल
विभागीय अधिकारियों की माने तो परिवहन विभाग के द्वारा ऑनलाइन टैक्स जमा करवाने के लिए बनाए गए पोर्टल से टैक्स कोई भी भर सकता है। यह व्यक्तिगत उपयोग के लिए बनाया गया है, लेकिन कई काउंटर संचालक पोर्टल के आधार पर इसका व्यावसायिक उपयोग कर सरकार को चूना लगा रहे हैं।

46750 का वसूला जुर्माना
परिवहन विभाग ने चारों वाहन मालिकों से शुक्रवार शाम जुर्माना वसूला गया। परिवहन निरीक्षक के अनुसार सभी वाहन चालकों से नियमानुसार कुल 46750 रुपएइ का जुर्माना वसूलकर वाहनों के दस्तावेज जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की गई।

चार वाहनों के गुजरात सीमा स्थित एक काउंटर से टैक्स जमा करवाने व उन्हें दी गई टैक्स की रसीद के वैध नहीं होने का मामला आया था। चारों वाहन मालिकों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई जारी है।
- पारस गहलोत, परिवहन निरीक्षक, आबूरोड.



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.