सिरोही. शहर के शांति नगर में रविवार रात आरएसएस के कार्यालय में धारदार हथियार से एक संत की हत्या कर दी गई। जबकि, आरएसएस जिला प्रचारक गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल, हत्या व जानलेवा हमले के कारणों को पता नहीं लग पाया है। कोतवाली थाना प्रभारी रामप्रतापसिंह ने बताया कि आरएसएस जिला प्रचारक उत्तमगिरि के हमले में घायल होने पर जिला चिकित्सालय में लाने की सूचना मिली थी। जिस पर चिकित्सालय पहुंचे, लेकिन जिला प्रचारक घायलावस्था में होने से कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इस पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला प्रचारक को अन्यत्र रैफर कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम मौका-मुआयना करने के लिए शांति नगर स्थित आरएसएस के कार्यालय पहुंची। जहां एक संत का खून से लथपथ शव मिला। जिस पर संत की शिनाख्त मूलत: उत्तराखंड हाल एकल विद्या पीठ के अवधेशानंद के रूप में हुई। ऐसे में पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। वहीं एमओबी टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक जय यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरजीतसिंह मीणा भी मौके पर पहुंचे।
विधायक-भाजपा जिलाध्यक्ष भी पहुंचे
इधर, सूचना के बाद आबू-पिण्डवाड़ा विधायक समाराम गरासिया, भाजपा जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चौधरी समेत आरएसएस के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।
कारणों का खुलासा नहीं
देर रात समाचार लिखे जाने तक पुलिस को हत्या व हमले के कारणों का कोई पता नहीं लग पाया था। वहीं घायल व मृतक के बीच विवाद के बाद वारदात हुई या कोई बाहरी हमलावर थे, इस बारे में पुलिस को फिलहाल कोईसबूत नहीं मिल पाए हैं। पुलिस ने बताया कि हत्या व हमले में किसी धारदार हथियार को प्रयुक्त किया गया है, लेकिन मौके पर ऐसा कोई हथियार नहीं मिला है। हालांकि, मौके पर मृतक सन्त के पास चाकू व लाठी पड़ी मिली है।
शव मोर्चरी में रखवाया
देर रात पुलिस ने शव को सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। वहीं सन्त के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम हो पाएगा। पुलिस की ओर से हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।





No comments:
Post a Comment