सीकर. कर्ई इलाकों में बरसात, ओलावृष्टि के साथ उतरी भारत में बर्फबारी से सीकर में सर्दी जमा देने वाले स्तर तक पहुंच गई है। जिले में शुक्रवार सुबह का न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री दर्ज किया गया है। जो जमाव बिंदू से भी नीचे है। पारा लुढकऩे के साथ अंचल में सर्दी सितमगर हो गई है। ऊपर से बर्फीली हवाएं भी नश्तर सी चुभ रही है। ऐसे में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है। लोग गर्म कपड़ों में लदे नजर आने के साथ दिन में ही अलाव जलाकर सर्दी से बचने की जुगत करते नजर आ रहे हैं।
दो दिन में सात डिग्री लुढक़ा पारा
सीकर में सर्दी में तेज गति से तेजी आई है। पिछले दो दिन में ही पारा सात डिग्री तक लुढक़ा है। बुधवार को जिले में न्यूनतम तापमान साढे छह डिग्री था, जो गुरुवार को 3.5 डिग्री और शुुक्रवार को माइनस जीरो डिग्री पहुंच गया।
कोहरे से सबकुछ धुंधला
सर्द हवाओं के साथ शेखावाटी अंचल में सुबह ही घने कोहरे की चादर छा गई। सुबह सात से आठ बजे के बीच दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें सुबह भी लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। सूरज उगने पर धीरे धीरे कोहरा कम हुआ। लेकिन सर्द हवाओं का प्रकोप जारी रहा। बादलों की आवाजाही के बीच लोगों को धूप का सहारा भी नहीं मिला। ऐसे में लोग गर्म कपड़ों में लदकर, तो कहीं रजाई में दुबककर और अलाव जलाकर सर्दी से बचने की जुगत में लगे रहे। शाम होने के साथ ही सर्द हवाओं ने फिर ठिठुरा दिया। ऐसे में बाजार जल्द ही बंद हो गए। लोग आवश्यक कार्य होने पर ही बाहर निकले।
किसानों के चहरे खिले
सर्दी और मावठ से जिले में किसानों के चहरे खिल गए हैं। जमीन में नमी बढऩे से फसलों को अब सिंचाई की जरूरत कम होगी। वहीं, फसलों की बढ़तवार में भी ज्यादा फायदा होगा।





No comments:
Post a Comment