नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही गिरावट के बीच घरेलू बाजार में जेवराती मांग की सुस्ती से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 390 रुपए लुढ़ककर 31,460 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान सिक्का निर्माताओं के उठाव में आई कमी और औद्योगिक मांग की सुस्ती से चांदी भी 1,040 रुपए फिसलकर 36,560 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत सप्ताह लंदन का सोना हाजिर शुक्रवार को सप्ताहांत पर गिरावट में 1,222.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी लुढ़ककर सप्ताहांत पर 1,227.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
रुपए की मजबूती से पीली धातु पर रहा दबाव
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि डॉलर की तुलना में रुपए की मजबूती से पीली धातु दबाव में रही। इस बीच विदेशों में चांदी हाजिर भी गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 14.15 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान वैश्विक दबाव और वैवाहिक मांग घटने से सोना स्टैंडर्ड 390 रुपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 31,460 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट में 31,310 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इस दौरान आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,700 रुपए पर टिकी रही।
औद्योगिक मांग घटने से चांदी में बड़ी गिरावट
सिक्का निर्माताओं के उठाव में आई कमी और औद्योगिक मांग घटने से चांदी हाजिर 1,040 रुपए फिसलकर 36,560 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गयी। चांदी वायदा भी 915 रुपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 35,145 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली भी 1,000-1,000 रुपए फिसलकर क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैंकड़ा पर आ गए।





No comments:
Post a Comment